प्रदेश में बदला मौसम, आंधी-बारिश से कई जिलों में तबाही, फसलें भीगीं

Join Us

भोपाल,(ए.)। भीषण गर्मी से जूझ रहे मध्य प्रदेश में शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। कई जिलों में तेज आंधी, बारिश और कहीं-कहीं ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। राजधानी भोपाल में जहां बारिश से लोगों को राहत मिली, वहीं रायसेन, सीहोर, बालाघाट, नर्मदापुरम और अन्य जिलों में तेज हवाओं और बारिश ने नुकसान भी पहुंचाया।राजधानी भोपाल में दोपहर बाद बारिश हुई, जिससे तापमान में गिरावट आई। रातीबड़ क्षेत्र के बेरखेड़ी में एक विशाल बरगद का पेड़ मकान पर गिर गया। हादसे में घर को नुकसान पहुंचा, लेकिन कोई जनहानि नहीं हुई। वहीं रायसेन जिले के छुछार गांव में तेज आंधी के चलते हरशिव वेयरहाउस की टीन की छत उड़ गई। करीब 5000 मीट्रिक टन क्षमता वाले इस वेयरहाउस में सरकारी मूंग रखी हुई है। बरेली और बाड़ी क्षेत्रों में अचानक बारिश से खरीदी केंद्रों पर रखा किसानों का अनाज भीग गया, जिससे सरकारी खरीदी प्रभावित हुई और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।बालाघाट में शनिवार दोपहर बाद तेज हवाओं और बारिश के बीच नगर पालिका परिसर में एक बड़ा पेड़ गिर गया, जिसके नीचे खड़ी बाइक दब गई। हालांकि किसी जनहानि की सूचना नहीं है।
नर्मदापुरम में तेज आंधी-बारिश से अनाज मंडी में रखा गेहूं और चना भीग गया। टीन शेड में पानी भर गया। इधर, मीनाक्षी चौक के पास पेड़ गिरने से यातायात बाधित हुआ, जबकि एक स्थान पर टीन शेड भी उड़ गया।नरसिंहपुर के ढिगसरा गांव में सैकड़ों साल पुराना आम का पेड़ आंधी में गिर गया। वहीं जिला अस्पताल में बिजली आपूर्ति बाधित होने से करीब आधे घंटे तक अंधेरा छाया रहा, मरीजों और परिजनों को मोबाइल की रोशनी का सहारा लेना पड़ा।
इटारसी: पेड़ और बिजली लाइनें टूटीं, 5000 लीटर पानी की टंकी सडक़ पर गिरी श्योपुर, ब्यावरा, पिपरिया: आंधी-बारिश से तापमान में गिरावट अचानक बदले मौसम से जहां लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, वहीं किसानों के लिए यह बारिश मुसीबत बन गई। खरीदी केंद्रों पर अनाज भीगने से आर्थिक नुकसान की आशंका है। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों तक आंधी-बारिश का सिलसिला जारी रहने की संभावना जताई है, ऐसे में प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

Previous articleभोपाल में दो क़ानून नहीं चलेंगे, पुराने और नये भोपाल की कानून व्यवस्था को लेकर एक बार फिर भडक़े आलोक शर्मा