सीहोर (ए.)। सीहोर जिले से एक ऐसी वारदात सामने आई है, जिसने इंसानियत को झकझोर दिया है। एक मामूली पारिवारिक विवाद ने ऐसा खौफनाक रूप ले लिया, जिसमें न केवल कानून की धज्जियां उड़ाई गईं, बल्कि सामाजिक मर्यादाओं को भी कुचल दिया गया। सगाई टूटने की नाराजगी में युवक के परिवार ने लडक़ी के माता-पिता को निशाना बनाते हुए अमानवीय अत्याचार किया। घटना सिद्धिकगंज थाने में आने वाले टीबूपुरा गांव की है, जहां आरोपी पक्ष ने पूरी साजिश के तहत दंपती को रास्ते में घेर लिया। हिम्मत सिंह बंजारा अपनी पत्नी के साथ अंतिम संस्कार में शामिल होकर लौट रहे थे, तभी चौबारा जागीर मार्ग पर उनकी बाइक को जबरन रोक लिया गया। आरोपियों ने बिना किसी डर के खुलेआम मारपीट शुरू कर दी और फिर दोनों को जबरदस्ती कार में ठूंसकर अगवा कर लिया।
गांव में ले जाकर की बर्बर पिटाई और अपमान
अपहरण के बाद आरोपियों ने दंपती को गांव ले जाकर हैवानियत की सारी हदें पार कर दीं। दोनों के साथ बेरहमी से मारपीट की गई, इतना ही नहीं, उन्हें जूते-चप्पलों की माला पहनाकर पूरे गांव में अपमानित किया गया।








