अम्बाला रिंग रोड से पंजोखरा साहिब की कनेक्टिविटी बेहतर, तीन अंडरपास व सर्विस लेन बनेगी- अनिल विज

Join Us

हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि अम्बाला में निर्माणाधीन रिंग रोड से गांव पंजोखरा साहिब की कनेक्टिविटी काफी बेहतर होगी। गांव के लोगों की सुविधा के लिए नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (एनएचएआई) द्वारा तीन अंडरपास और लगभग डेढ़ किलोमीटर लंबी सर्विस लेन का निर्माण किया जा रहा है।
अम्बाला छावनी स्थित अपने आवास पर एनएचएआई अधिकारियों के साथ बैठक के बाद विज ने गांव पंजोखरा साहिब के निवासियों से बातचीत करते हुए यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रिंग रोड के दोनों ओर आवागमन सुगम बनाने के लिए निश्चित दूरी पर तीन अंडरपास बनाए जा रहे हैं, जिससे ग्रामीणों को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होगी। अधिकारियों के अनुसार ये अंडरपास जड़ौत-पंजोखरा साहिब, बसौली-पंजोखरा साहिब और तिसम्बली-पंजोखरा साहिब मार्गों पर बनाए जा रहे हैं। इसके साथ ही गुरुद्वारा साहिब के पास से एक सर्विस लेन भी तैयार की जा रही है, जो रिंग रोड से सीधे जुड़ी होगी।
ग्रामवासियों ने इस परियोजना के लिए मंत्री अनिल विज का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि अंडरपास और सर्विस लेन बनने से उनका आवागमन सुगम हो जाएगा। उल्लेखनीय है कि पहले ग्रामीणों ने रिंग रोड तक पहुंच के लिए सर्विस लेन की मांग की थी, जिसे अब पूरा किया जा रहा है। करीब 40 किलोमीटर लंबी सिक्स लेन ग्रीनफील्ड रिंग रोड परियोजना का उद्देश्य अम्बाला शहर और छावनी क्षेत्र में ट्रैफिक जाम को कम करना है। इस परियोजना के तहत एनएच-152, एनएच-344, एनएच-444ए और एनएच-44 को आपस में जोड़ा जाएगा, जिससे क्षेत्र की कनेक्टिविटी और यातायात व्यवस्था में सुधार होगा।

Previous articleजबलपुर क्रूज हादसे में अब तक 9 मौतें, 23 की बची जान; राहत एवं बचाव कार्य अब भी जारी
Next articleटैक्स चोरी के खिलाफ सख्त कार्रवाई, 200 वाहन जब्त, पांच करोड़ रुपये का माल बरामद : चीमा