कोलकाता(आरएनएस)। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण के मतदान में आज महानगर कोलकाता का भवानीपुर विधानसभा सीट देश भर की मीडिया की निगाह में रहा। ऐसे में भारतीय जनता पार्टी के वरिष्ठ नेता शुभेंदु अधिकारी ने कोलकाता की भवानीपुर सीट से मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के खिलाफ अपनी जीत के दावे किए हैं। शुभेंदु अधिकारी सुबह-सुबह भवानीपुर और चेतला इलाके के विभिन्न बूथों का निरीक्षण करने पहुंचे। मीडिया से बातचीत में उन्होंने अपनी जीत को लेकर बड़ा दावा किया। शुभेंदु अधिकारी ने कहा, ममता बनर्जी 30 हजार वोट से हारेंगी। हम किसी तरह की गुंडागर्दी नहीं होने देंगे। डर दिखाकर वोट नहीं लेने देंगे। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ जगहों पर मतदाताओं को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है, लेकिन भाजपा कार्यकर्ता और केंद्रीय बल निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करेंगे।बूथ निरीक्षण के दौरान शुभेंदु अधिकारी की मुलाकात कोलकाता नगर निगम के मेयर फिरहाद हाकिम की बेटी प्रियदर्शिनी हाकिम से भी हुई। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई, जिसे लेकर राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई। वहीं तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी भी सुबह-सुबह भवानीपुर के विभिन्न बूथों का दौरा करने निकलीं। उन्होंने मतदान प्रक्रिया को लेकर केंद्रीय सुरक्षा बलों और बाहरी पर्यवेक्षकों पर गंभीर आरोप लगाए। ममता ने आरोप लगाया कि केंद्रीय बल मतदाताओं को प्रभावित कर रहे हैं और कुछ जगहों पर अनावश्यक हस्तक्षेप कर रहे हैं।
उन्होंने चुनाव आयोग से निष्पक्ष मतदान सुनिश्चित करने की मांग की।








