होर्मुज में फायरिंग के बाद वापस लौटे भारतीय जहाज, भारत ने ईरानी राजदूत को किया तलब

Join Us

नई दिल्ली,(आरएनएस)। पश्चिम एशिया के अहम समुद्री मार्ग स्ट्रेट ऑफ होर्मुज में अमेरिका और ईरान के बीच तनाव कम होने के बजाय और जटिल होता दिख रहा है। एसोसिएटेड प्रेस की रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी गनबोट्स द्वारा कथित फायरिंग की घटनाओं के बाद कई व्यावसायिक जहाजों को बीच रास्ते से लौटना पड़ा।ईरानी मीडिया के हवाले से सामने आई जानकारी के मुताबिक, इस घटनाक्रम के चलते दो भारतीय जहाजों को भी अपनी दिशा बदलनी पड़ी। राहत की बात यह है कि किसी भी भारतीय पोत या उसके चालक दल को नुकसान नहीं पहुंचा है। घटना को गंभीरता से लेते हुए भारत सरकार ने कूटनीतिक कदम उठाए हैं। आधिकारिक सूत्रों के अनुसार, भारत ने इस मामले पर आपत्ति दर्ज कराते हुए ईरानी राजदूत को तलब किया है और भारतीय जहाजों की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट जवाब मांगा है।टैंकर ट्रैकिंग से जुड़ी एजेंसियों के मुताबिक, इस तनावपूर्ण माहौल के चलते कई तेल टैंकरों ने अपना मार्ग बदल लिया है। इनमें भारतीय ध्वज वाला एक वीएलसीसी (बहुत बड़ा कच्चा तेल वाहक) भी शामिल बताया जा रहा है, जो भारी मात्रा में तेल लेकर गुजर रहा था। ब्लूमबर्ग की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका-ईरान वार्ता में अनिश्चितता के कारण जहाजों के संचालन को लेकर भ्रम की स्थिति बनी हुई है ईरान के सरकारी प्रसारक इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ ईरान ब्रॉडकास्टिंग (ढ्ढक्रढ्ढक्च) ने दावा किया कि उसकी नौसेना ने दो भारतीय जहाजों को जलडमरूमध्य से पीछे हटने के निर्देश दिए। इनमें एक सुपरटैंकर भी शामिल बताया गया, जिसमें बड़ी मात्रा में इराकी कच्चा तेल लदा हुआ था। इस बीच, होर्मुज के खुले या बंद होने को लेकर विरोधाभासी संकेत मिल रहे हैं। ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने पहले कहा था कि सीमित अवधि के युद्धविराम के दौरान यह मार्ग व्यापारिक जहाजों के लिए खुला है। लेकिन बाद में फार्स न्यूज एजेंसी ने संकेत दिया कि यदि अमेरिकी नाकाबंदी जारी रही, तो जलमार्ग बंद भी किया जा सकता है। वहीं, सरकारी एजेंसी नूर न्यूज ने शनिवार को कहा कि यह मार्ग सशस्त्र बलों के कड़े नियंत्रण में है, लेकिन पूर्ण रूप से बंद किए जाने की पुष्टि नहीं की। इस अनिश्चितता के बीच जहाज मालिकों में हिचकिचाहट साफ दिख रही है। शनिवार सुबह कुछ भारतीय और ग्रीक तेल टैंकरों ने अचानक यू-टर्न ले लिया, जबकि कई जहाज केश्म द्वीप के आसपास रुक गए हैं। एक जहाज की लोकेशन कई घंटों से अपडेट न होने की खबर ने भी चिंता बढ़ा दी है।

Previous articleमहिला-आरक्षण से जुड़ा बिल गिरने के बाद एनडीए आक्रामक, शुरू करेगा देशव्यापी आंदोलन
Next articleभाजपा-आरएसएस को तमिल भाषा या संस्कृति को नुकसान पहुंचाने नहीं देंगे: राहुल गांधी