दिल्ली में आतंकी साजिश नाकाम, तीन राज्यों से चार आरोपी गिरफ्तार; आईईडी बनाने का सामान बरामद

Join Us

नई दिल्ली (आरएनएस)। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने देश में आतंकी साजिश को नाकाम करने में सफलता हासिल की. खुफिया सूचना के आधार पर पुलिस ने उन चार आरोपियों को महाराष्ट्र, ओडिशा और बिहार से गिरफ्तार किया जो आतंकी साजिश रच रहे थे. पुलिस के मुताबिक, आरोपी कथित तौर पर ‘खुरासान से काले झंडों वाली सेना’ और भारतीय उपमहाद्वीप में खिलाफत स्थापित करने जैसी विचारधारा से प्रभावित थे और ‘गजवा-ए-हिंद’ के लिए तैयारी कर रहे थे.
स्पेशल सेल की एनडीआर टीम ने इंस्पेक्टर विनय पाल और मनोज कुमार के नेतृत्व में, एसीपी आशीष कुमार की निगरानी में इस ऑपरेशन को अंजाम दिया. इस दौरान एक आरोपी के पास से आईईडी बनाने में इस्तेमाल होने वाला सामान भी बरामद किया गया, जबकि सभी आरोपियों के मोबाइल फोन जब्त कर लिए गए हैं. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोसाइब अहमद उर्फ सोनू उर्फ कलाम (ठाणे), मोहम्मद हम्माद (मुंबई), शेख इमरान (भुवनेश्वर) और मोहम्मद सोहेल (कटिहार) के रूप में हुई है.पुलिस के अनुसार, ये सभी आरोपी एन्क्रिप्टेड सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर बने ग्रुप्स के जरिए एक-दूसरे के संपर्क में थे और युवाओं को कट्टरपंथ की ओर प्रेरित कर रहे थे.जांच में खुलासा हुआ है कि आरोपी हम्माद और मोसाइब आईईडी बनाने के लिए स्थानीय स्तर पर सामग्री जुटा रहे थे। मोसाइब ने एक रिमोट कंट्रोल कार के सर्किट में बदलाव कर आईईडी बनाने की प्रक्रिया को आगे बढ़ाने में मदद की थी.
वहीं शेख इमरान ने दिल्ली आकर रेड फोर्ट और इंडिया गेट जैसे संवेदनशील स्थानों की रेकी भी की थी और ग्रुप में हथियार प्रशिक्षण की व्यवस्था कराने का दावा किया था.मोहम्मद सोहेल सोशल मीडिया के जरिए लोगों को भडक़ाने और फंड जुटाने में सक्रिय था. उसने अपने बैंक अकाउंट और क्यूआर कोड के माध्यम से पैसे इक_ा करने की कोशिश की.
डीसीपी स्पेशल सेल प्रवीण कुमार त्रिपाठी ने बताया कि यह मॉड्यूल देश में आतंकी गतिविधियों को अंजाम देने की तैयारी में था. समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी साजिश को नाकाम किया गया है. फिलहाल मामले में आगे की जांच जारी है और आरोपियों के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है.
००

Previous article10वीं-12वीं बोर्ड के विद्यार्थियों को द्वितीय अवसर परीक्षा का मिलेगा मौका : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleइसरो 2027 में लॉन्च करेगा जी20 उपग्रह, करेगा जलवायु की निगरानी