ईरान ने होर्मूज-यूरेनियम पर ट्रंप के दावों को झूठ बताया, कहा- 7 दावे किए सातों गलत

Join Us

होर्मुज जलडमरूमध्य खोलने को लेकर स्थिति साफ नहीं है। ईरान और अमेरिका इसे लेकर अलग-अलग दावे कर रहे हैं। पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा था कि ईरान ने होर्मुज को कभी बंद न करने पर सहमति दे दी है। अब ईरानी संसद के स्पीकर मोहम्मद बाघेर गालिबाफ ने चेतावनी दी कि अगर अमेरिका अपनी नाकेबंदी जारी रखता है, तो होर्मुज खुला नहीं रहेगा। उन्होंने ट्रंप पर झूठे दावे करने का आरोप लगाया।
गालिबाफ ने ट्रंप पर एक घंटे में 7 झूठे दावे करने का आरोप लगाया। गालिबाफ ने कहा कि होर्मुज खुला नहीं रहेगा और यहां से निकलने के लिए एक निर्धारित मार्ग का इस्तेमाल करना होगा और इसके लिए ईरान की अनुमति लेनी होगी। उन्होंने कहा, अमेरिका के राष्ट्रपति ने एक घंटे में 7 दावे किए और वे सातों के सातों झूठे थे। वे इन झूठों के सहारे युद्ध नहीं जीत पाए और न ही बातचीत में उन्हें कोई सफलता मिलेगी।
गालिबाफ ने कहा, होर्मुज से गुजरना निर्धारित मार्ग के अनुसार और ईरानी अनुमति के साथ होगा। यह कि जलडमरूमध्य खुला है या बंद, और इसे नियंत्रित करने वाले नियम क्या होंगे—इसका निर्धारण जमीनी स्थिति के आधार पर होगा, न कि सोशल मीडिया पर। मीडिया और जनमत को अपने पक्ष में करना युद्ध का एक महत्वपूर्ण हिस्सा हैं और ईरानी राष्ट्र इन हथकंडों से प्रभावित नहीं होता। वार्ताओं से जुड़ी वास्तविक और सटीक खबरें विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता से मिलेंगी।
इससे पहले ट्रंप ने कहा था कि ईरान अपना संवर्धित यूरेनियम अमेरिका के साथ मिलकर बाहर भेजने पर सहमत हो गया है। ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बकाई ने इस दावे को भी झूठा बताया है। उन्होंने कहा, ईरान का संवर्धित यूरेनियम कहीं भी ट्रांसफर नहीं किया जाएगा। वहीं, ईरान की राष्ट्रीय सुरक्षा समिति के प्रवक्ता इब्राहिम रेजई ने कहा कि ईरान अपना यूरेनियम देश से बाहर नहीं भेजेगा। उन्होंने कहा कि ट्रंप के दावे में सच्चाई नहीं है।
ईरान ने होर्मुज खोलने और कभी न बंद करने पर सहमति जताई है। समझौता न होने तक ईरान के बंदरगाहों पर अमेरिकी नौसैनिक नाकेबंदी जारी रहेगी। ईरान के साथ रविवार से चर्चा आगे बढ़ेगी और स्थायी शांति की दिशा में काम होगा। ईरान अपना परमाणु कार्यक्रम अनिश्चित समय तक रोकने के लिए सहमत हुआ है। ईरान अपना यूरेनियम अमेरिका को सौंप देगा। ईरान अमेरिका के साथ मिलकर समुद्र में बिछी बारूदी सुरंगें हटा रहा है।
००

Previous articleट्रंप ने ईरान युद्धविराम बढ़ाने पर अनिश्चितता के संकेत दिए
Next articleअमेरिका ने प्रतिबंधित रूसी तेल की बिक्री की अनुमति देने वाली छूट को बढ़ाया