यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाली 15 वर्ष से अधिक पुरानी यात्री बसें नहीं दिखेंगी सडक़ों पर

Join Us

 गुना, कटनी, मंडला, रतलाम में जिले में 128 बसों का पंजीयन निरस्त करने क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों ने भेजा वाहन मालिकों को नोटिस
भोपाल (निप्र.)। यात्रियों की सुरक्षा को लेकर मध्यप्रदेश सरकार पूरी तरह से सख्त है। इसी के अंतर्गत यात्रियों की जान से खिलवाड़ करने वाली 15 साल से अधिक पुरानी यात्री बसें अब सडक़ों पर दिखाई नहीं देंगी। प्रदेश के परिवहन विभाग द्वारा प्रदेश भर में अभियान चलाकर 15 साल से अधिक पुरानी बसों पर कार्रवाई की जा रही है। वाहन मालिकों को नोटिस भेजकर वाहनों का पंजीयन निरस्त किया जा रहा है। गुना, कटनी, मंडला और रतलाम जिले में 128 से अधिक वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के लिए जिलों के क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय के अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की गई है। इधर, यात्रियों की सुरक्षा को लेकर प्रदेश सरकार का स्पष्ट उद्देश्य है कि यात्रियों की जान से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए और सडक़ परिवहन को सुरक्षित, विश्वसनीय और मानकों के अनुरूप बनाया जाए।गुना जिले में परिवहन विभाग द्वारा 15 वर्ष से अधिक पुरानी हो चुकी यात्री बसों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में ऐसी वाहनों की संख्या 19 है। इनमें से क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा 9 वाहनों का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। शेष वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के लिए वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। कटनी जिले में 15 वर्ष से अधिक पुराने यात्री वाहनों की संख्या 66 है। यहां पर भी जिले क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा सभी वाहन मालिकों को वाहनों का पंजयीन निरस्त करने के लिए नोटिस जारी किया गया है इसी प्रकार रतलाम जिले में 15 साल से अधिक पुराने यात्री वाहनों पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। जिले में ऐसे वाहनों की संख्या 34 है। इसमें से 1 वाहन का पंजीयन निरस्त कर दिया गया है। शेष यात्री वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के लिए परिवहन कार्यालय द्वारा वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया गया है। मंडला जिले में भी परिवहन विभाग के निर्देश पर 15 वर्ष से अधिक पुरानी बसों पर विभाग द्वारा निरंतर कार्रवाई की जा रही है। जिले में ऐसे यात्री वाहनों की संख्या 18 है। इन सभी यात्री वाहनों का पंजीयन निरस्त करने के लिए क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय द्वारा वाहन मालिकों को नोटिस जारी किया गया है।

Previous articleतपती गर्मी से मिली राहत, तेज हवाओं संग बारिश
Next articleशिक्षक भर्ती अभ्यर्थियों के प्रदर्शन में हंगामा, एक घायल