नर्मदापुरम/ मंगलवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में जिला पंचायत सीईओ श्री हिमांशु जैन की अध्यक्षता मे जनसुनवाई कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिसमें सीईओ श्री जैन ने अधिकारियों के साथ जनसामान्य की समस्याओं पर गंभीरता से सुनवाई की गई। जनसुनवाई में आए 92 आवेदनों पर सुनवाई कर उनका निराकरण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को प्राप्त आवेदनों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए।
मंगलवार को जनसुनवाई में आए ग्राम कुकड़ी तहसील इटारसी निवासी फौजदार खान ने अपनी कृषि भूमि का दोबारा सीमांकन कर नक्शा सुधार कराने के संबंध में आवेदन प्रस्तुत किया। जिस पर श्री जैन ने एसडीएम इटारसी को निर्देशित किया कि शीघ्र संबंधित भूमि का सीमांकन कराते हुए नक्शा सुधार की कार्यवाही सुनिश्चित करें। एक अन्य मामले मे नर्मदापुरम निवासी नंदकिशोर कवडे ने वृद्धावस्था पेंशन का लाभ प्राप्त ना होने के संबंध में आवेदन दिया। श्री जैन ने एसडीएम नर्मदापुरम को सहायता प्रदान करने के लिए निर्देशित किया। इसी प्रकार सिवनी मालवा निवासी दीपेश दुबे ने पट्टा प्रदान किये जाने के संबंध मे आवेदन दिया जिस पर श्री जैन ने प्रभारी अधिकारी राजस्व को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई मे आए पेंशन, सीमांकन, अतिक्रमण, विधुत, राजस्व सम्बन्धि आवेदनों पर सुनवाई कर उनका त्वरित निराकरण किया गया। जनसुनवाई में अपर कलेक्टर श्री बृजेंद्र रावत, सिटी मजिस्ट्रेट श्री देवेंद्र प्रताप सिंह, डिप्टी कलेक्टर डॉ बबीता राठौर, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती नीता कोरी, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती सरोज परिहार सहित अन्य सभी विभागों के अधिकारी उपस्थित रहें।







