भोपाल(ए.)। अयोध्या नगर क्षेत्र में आवारा कुत्तों को कालोनी से भगाने के विवाद में महिलाओं पर तलवार से हमला करने वाला मुख्य आरोपी अशोक सिंह चौहान कोई सामान्य पशुप्रेमी नहीं, बल्कि प्रशासनिक पद पर रह चुका ऐसा व्यक्ति है, जिसका अतीत गंभीर आरोपों से भरा रहा है। अयोध्या नगर पुलिस ने शुक्रवार को अशोक और उसके ड्राइवर नफीस अंसारी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। इससे पहले कांता श्रवण कॉलोनी में दोनों का जुलूस निकाला गया, जहां गुस्साए लोगों ने खुलकर आक्रोश जताया। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि अशोक सिंह चौहान करीब डेढ़ साल पहले बैतूल में नायब तहसीलदार के पद पर पदस्थ था। एक प्रकरण में निलंबन के बाद उसने प्रशासनिक सेवा छोड़ दी और आष्टा (सीहोर) में पेट्रोल पंप खोल लिया। लेकिन सत्ता, रसूख और दबाव की उसकी आदत नहीं बदली।








