किन्नरों पर सरेराह धारदार हथियार से हमला

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। कोहेफिजा इलाके में किन्नरों के ऑटो को तीन बदमाशों ने सरेराह रोक लिया। आरोपियों ने चाकू मारकर एक किन्नर को घायल किया, जबकि अन्य दो के साथ हाथ और मुक्कों से मारपीट की। किन्नरों ने बदमाशों पर सोने की एक चेन झपटने का भी आरोप लगाया है।
घटना शुक्रवार दोपहर की है। किन्नरों ने हमला कराने का आरोप नकली किन्नर गिरोह पर लगाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इसके बाद कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक किन्नर पल्लवी पाठक मंगलवारा में रहती है। वह गुरू सुरैया नायक गुट की किन्नर हैं। पल्लवी का आरोप है कि ऑटो में सवार होकर मंगलवार से बैरागढ़ की ओर जा रहे थे। तभी बदमाश शाहरुख ईदगाह और उसके दो साथियों ने फिल्मी स्टाइल में लालघाटी ब्रिज पर ऑटो रोक लिया।
आरोपियों ने मारपीट करना शुरू कर दिया। तीनों हथियारों से लेस थे। बदमाशों ने पल्लवी की सोने की चेन को गले से झपटा। पल्लवी ने विरोध किया तो शाहरुख ने उसके पांव में धारदार हथियार से वार किया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गया।
पल्लवी का आरोप है कि काजल ठाकुर नकली किन्नर है। वह किन्नरों के एक अन्य गुट की सरगना बताती है। काजल असली किन्नरों पर अड़ीबाजी कराती है। इतना ही नहीं उनके साथ कई बार लूटपाट और मारपीट भी करा चुकी है। शाहरुख काजल का पाला हुआ बदमाश है। आए दिन किन्नरों के साथ मारपीट, लूटपाट की वारदातें काजल और किन्नर मुस्कान मिर्जा के इशारे पर करते हैं।
पल्ली पाठक गुट ने मामले में काजल और मुस्कान को भी केस में आरोपी बनाए जाने की मांग की है। पुलिस ने घायल किन्नर को मेडिकल के लिए भेजा है। कोहेफिजा थाने पर किन्नरों पर हमले की खबर के बाद बड़ी तादाद में किन्नर एकत्र हो गए हैं।

 

Previous articleमुख्यमंत्री बैनर युवाओं में देशभक्ति और नेतृत्व गुणों के विकास में सहायक : मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Next articleकुबेर’ निकला रिटायर्ड इंजीनियर, घर में मिले नोटों के ढेर और 2.5 किलो सोना; 50 करोड़ से ज्यादा की काली कमाई का पर्दाफाश