बदला मौसम का मिजाज, बादल-बूंदाबांदी से ठंड में नरमी, 27 जनवरी से मावठे के आसार

Join Us

भोपाल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश में जनवरी के आखिरी दिनों में मौसम एक बार फिर बदलाव के दौर से गुजर रहा है। 26 जनवरी के बाद प्रदेश में सर्दी का नया चरण शुरू होने वाला है। उत्तर भारत में सक्रिय एक मजबूत पश्चिमी विक्षोभ का असर अब मध्य प्रदेश तक पहुंच रहा है। प्रदेश में फिलहाल रात की कड़ाके की ठंड से राहत मिली है, वहीं दिन में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी का मौसम देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को ग्वालियर-चंबल अंचल में बादल और बूंदाबांदी दर्ज की गई, जबकि शनिवार सुबह कई जिलों में कोहरा छाया रहा। हालांकि मौसम विभाग ने अगले दो दिनों तक तेज ठंड पडऩे की संभावना नहीं जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक उत्तर पाकिस्तान के ऊपर एक सक्रिय निम्न दाब क्षेत्र बना हुआ है, जिससे जुड़ी ट्रफ के कारण मौसम में यह बदलाव देखने को मिल रहा है। शुक्रवार को ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना और सतना में बादल छाए रहे और कुछ स्थानों पर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। भोपाल में दोपहर बाद बादल छाने से दिन के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट दर्ज की गई। शुक्रवार को कई शहरों में कोहरा दर्ज किया गया। आज शनिवार को बारिश का कोई अलर्ट जारी नहीं किया गया, लेकिन ग्वालियर, मुरैना, भिंड, श्योपुर, दतिया, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर और पन्ना में हल्के से मध्यम कोहरे का असर रहा। भोपाल, इंदौर और उज्जैन में भी हल्का कोहरा देखा गया मौसम विभाग ने बताया कि 26 जनवरी से उत्तर-पश्चिम भारत को एक और पश्चिमी विक्षोभ प्रभावित कर सकता है, जो फिलहाल मजबूत नजर आ रहा है। इसके प्रभाव से मध्य प्रदेश के ग्वालियर, मुरैना, भिंड, दतिया, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, अशोकनगर, गुना, राजगढ़, आगर-मालवा, नीमच और मंदसौर में कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का अनुमान है। अगले दो दिन तक प्रदेश में तेज ठंड नहीं पड़ेगी, लेकिन सुबह के समय हल्के से मध्यम कोहरे की संभावना बनी रहेगी। शुक्रवार की रात न्यूनतम तापमान में उल्लेखनीय बढ़ोतरी दर्ज की गई। भोपाल और इंदौर में न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच गया, जो जनवरी में पहली बार दर्ज हुआ। भोपाल में 17.4 डिग्री, इंदौर में 17.3 डिग्री, ग्वालियर में 13.5 डिग्री, उज्जैन में 15 डिग्री और जबलपुर में 14.8 डिग्री सेल्सियस तापमान रहा। वहीं, शहडोल का कल्याणपुर प्रदेश में सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिवपुरी में 8 डिग्री, चित्रकूट में 8.4 डिग्री, कटनी के करौंदी में 8.6 डिग्री, रीवा में 8.4 डिग्री, खजुराहो में 9.4 डिग्री और मंडला में 9.7 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।

Previous articleकेदारनाथ में पहली बर्फबारी, अत्यधिक ठंड में भी आईटीबीपी और उत्तराखंड पुलिस मुस्तैद
Next articleमुस्लिम लड़कियों ने हिंदू छात्रा को पहनाया बुर्का, कहा- इस्लाम कबूल करने से किस्मत बदलेगी