भोपाल (आरएनएस)। कुख्यात राजू ईरानी को शनिवार को कोर्ट में पेश किया गया। जहां से उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। उसकी 6 दिन की रिमांड शनिवार को खत्म हो गई थी। हालांकि पुलिस राजू से कोई खास जानकारी हासिल नहीं कर सकी।
हिरासत के दौरान राजू लगातार बीमारी का हवाला देकर पूछताछ से बचता रहा। पुलिस ने उससे डोजियर भरवा लिया है। जिसमें उसके तमाम करीबी रिश्तेदारों और गुर्गों की जानकारी दर्ज की गई है। जाहिरा कारोबार के तौर पर राजू ने स्वयं को प्रॉपर्टी डीलर और प्लाइवुड कारोबारी बताया है। भोपाल की निशातपुरा पुलिस कुख्यात राजू ईरानी को 11 जनवरी को प्रोडक्शन वारंट पर सूरत से भोपाल ले आई थी। यहां उसकी चार मामलों में गिरफ्तारी की गई। इसी दिन राजू को भोपाल की जिला कोर्ट में पेश किया। जहां से उसे 17 जनवरी तक रिमांड पर भेज दिया। कोर्ट से रिमांड मंजूर होने के बाद भी राजू हंसता हुआ नजर आया। कोर्ट रूम से निकलने के बाद राजू ने कहा कि जल्द छूट जाऊंगा। हालांकि, पुलिस ने उससे पूछताछ शुरू कर दी है। इन चार मामलों में वह 2017 से लगातार फरार चल रहा था। पूछताछ में आरोपी स्वयं को प्रॉपर्टी डीलर बताता रहा है। उसने पुलिस को बताया कि समाज के गलत कामों के कारण उसकी बदनामी हुई। बता दें कि पिछली पेशी 11 जनवरी को राजू कोर्ट में हंसते हुए पेश हुआ था। पुलिस गिरफ्त में आने के बाद भी राजू ईरानी के चेहरे पर कोई शिकन नजर नहीं आई थी। वह मीडिया को नसीहत भी देते दिखा। राजू ने पुलिस की मौजूदगी में धमकी भरे लहजे में कहा कि जरा संभलकर रिपोर्टिंग करो।








