मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के खातों में अंतरित किये 1836 करोड़ रुपये

Join Us

 मुख्यमंत्री ने माखन नगर में लाड़ली बहना के राज्य स्तरीय सम्मेलन को किया संबोधित

भोपाल,(निप्र.)। मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को माखन नगर (बाबई) में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना अंतर्गत राशि वितरण के साथ विभिन्न विकास कार्यों का भूमि-पूजन और लोकार्पण किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं में हितलाभ वितरण भी किये। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने इस अवसर पर कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व और मार्गदर्शन में निरंतर प्रदेश के विकास के लिये कार्य किया जा रहा है। मध्यप्रदेश, देश का पहला राज्य है, जहाँ विकास के 4 सूत्र गरीब, युवा, अन्नदाता और नारी (जीवायएएन) के सशक्तिकरण के लिये मिशन मोड पर कार्य हो रहा है। प्रदेश सरकार नारी सशक्तिकरण की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है। आज लाड़ली बहनों के खाते में 1836 करोड़ की राशि अंतरित की गयी है। जनवरी 2026 तक बहनों के खातों में 50 हजार करोड़ की राशि ट्रांसफर की जा चुकी है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने प्रधानमंत्री उज्जवला योजना से प्रदेश की 29 लाख पात्र हितग्राही बहनों को गैस सिलेंडर रीफिलिंग के लिए 90 करोड़ से अधिक अनुदान राशि ट्रांसफर की और सोहागपुर विधानसभा के लिए 206 करोड़ के विकास कार्यों का भूमि-पूजन एवं लोकार्पण भी किया। इसमें माखन नगर का नवनिर्मित सर्किट हाउस भी शामिल है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मुख्यातनाम साहित्यकार पं. माखनलाल चतुर्वेदी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया एवं मुख्य चौक पर लगे तिरंगे को फहराकर राष्ट्रगान की धुन के साथ सलामी दी। उन्होंने कहा कि पं. माखनलाल चतुर्वेदी की कविताओं में ऐसा ओज था कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी ने भी बाबई की धरती पर आकर उनकी जन्म-स्थली को नमन किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कार्यक्रम स्थल पर लगी विभिन्न विभागों की विकास प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख से अधिक बहनों के खातों में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना की 32वीं किस्त का अंतरण किया गया है। उन्होंने कहा कि बहनों के हाथ में पैसे आते हैं, तो वह पूरे परिवार की चिंता करती हैं। स्वयं को सबसे पीछे रखती है और परिवार के लिए अपना जीवन लगा देती हैं। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार धीरे-धीरे लाड़ली बहना योजना की राशि बढ़ाती जा रही है। रोजगारपरक उद्योग में काम करने पर बहनों को 5 हजार रुपए देने में भी सरकार मदद करेगी। बहनों को संपत्ति की रजिस्ट्री में 2 प्रतिशत अतिरिक्त छूट दी जा रही है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि नर्मदापुरम का मलबरी रेशम प्रसिद्ध है। यहां धागा निर्माण में उद्योग शुरू कर 50 दीदियां लखपति बनी हैं। राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को किसान कल्याण वर्ष घोषित किया है। इस वर्ष कृषि को रोजगार और उद्योग से जोड़ा जाएगा। बहनों को प्रशिक्षण देकर स्व-सहायता समूह से जोड़ेंगे। किसानों को गेहूं, धान और दालों का उचित मूल्य दिलवाया जा रहा है।मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि बाबई-मोहासा औद्योगिक क्षेत्र की 1000 एकड़ भूमि का आवंटन किया जा चुका है। उद्योगों के लिए अब 400 एकड़ भूमि आवंटन पर काम हो रहा है। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में राज्य सरकार सभी क्षेत्रों में विकास कार्यों को गति दे रही है। हम सभी वर्ष ञ्च2047 तक भारत को विकसित बनाते दुनिया का नंबर वन देश बनाएंगे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि इंदौर में दूषित जल के कारण हुई घटना के बाद हमारी सरकार ने संवेदनशीलता दिखाते हुए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

Previous articleसुप्रीम कोर्ट से जस्टिस यशवंत वर्मा को बड़ा झटका, अधजली नकदी मामले में संसदीय जांच रोकने की याचिका खारिज
Next articleमुझे जेल भेजने के बारे में सोच रहे हैं, लोगों के लिए मरने को भी तैयार हूं : ममता