बड़ा खुलासा : पंजाब में मां-बेटी की मौत हादसा नहीं साजिश; पति ने ही रची थी खौफनाक मौत की कहानी

Join Us

मलोट (आरएनएस)। फाजिल्का रोड पर नहर में स्विफ्ट कार गिरने से दो साल की मासूम बच्ची और उसकी मां की डूबकर मौत हो जाने के मामले में अब बड़ा खुलासा हुआ है। शुरुआत में इस घटना को सडक़ हादसा माना जा रहा था, लेकिन मृतका के मायके पक्ष ने इसे सुनियोजित हत्या बताते हुए दामाद पर गंभीर आरोप लगाए हैं।मृतका सिमरजीत कौर के पिता बरजिंदर सिंह पुत्र हरबंस सिंह, निवासी खैरपुर सिरसा (हरियाणा) ने पुलिस को दिए बयानों में बताया कि उनकी बेटी सिमरजीत कौर की शादी करीब नौ साल पहले साहिलप्रीत सिंह खेड़ा पुत्र विनोद खेड़ा, निवासी गांव जंडवाला भीमे शाह, जिला फाजिल्का से हुई थी। शादी के बाद सिमरजीत कौर के दो बच्चे हुए बड़ा बेटा तरनप्रीत सिंह (उम्र 8 वर्ष) और छोटी बेटी तकदीर कौर (उम्र 2 वर्ष)।बरजिंदर सिंह ने आरोप लगाया कि साहिलप्रीत सिंह अक्सर उनकी बेटी के साथ झगड़ा करता था और उसे मारकर दूसरा विवाह करने की धमकियां देता था। उन्होंने बताया कि आरोपी कई बार सिमरजीत कौर को नहर में फेंककर मारने की धमकी भी दे चुका था। इस संबंध में करीब दो महीने पहले गांव जंडवाला भीमे शाह में पंचायत भी हुई थी, जिसमें साहिलप्रीत सिंह ने आगे से ऐसा न करने का भरोसा दिया था।
शिकायतकर्ता के अनुसार 11 जनवरी को साहिलप्रीत सिंह अपनी निजी स्विफ्ट कार से सिरसा आया था। उस समय सिमरजीत कौर अपनी दो वर्षीय बेटी तकदीर कौर के साथ मायके आई हुई थी। परिवार ने उसे रात रुकने को कहा, लेकिन साहिलप्रीत सिंह ने उसी दिन पत्नी और बेटी को साथ ले जाने की बात कही।
आरोप है कि साहिलप्रीत सिंह ने जबरदस्ती सिमरजीत कौर और तकदीर कौर को कार में बैठाया और शाम करीब 6 बजे सिरसा से रवाना हो गया। मलोट–फाजिल्का रोड पर गांव आलमवाला के पास नहर के पुल पर उसने कार को दाईं ओर मोडक़र सीधे नहर में गिरा दिया। बताया जा रहा है कि आरोपी किसी तरह कार से बाहर निकल आया, जबकि कार में सवार सिमरजीत कौर और उसकी मासूम बेटी पानी में डूब गईं।
घटना के बाद राहगीरों ने दोनों को नहर से बाहर निकालकर सिविल अस्पताल मलोट पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने सिमरजीत कौर को मृत घोषित कर दिया। गंभीर हालत में मासूम तकदीर कौर को बठिंडा रेफर किया गया, लेकिन रास्ते में ही उसकी भी मौत हो गई। दोनों मां-बेटी के शव सिविल अस्पताल मलोट की मोर्चरी में रखवाए गए हैं।
बरजिंदर सिंह का आरोप है कि साहिलप्रीत सिंह को पूरी जानकारी थी कि कार नहर में गिरने के बाद सिमरजीत कौर और तकदीर कौर बाहर नहीं निकल पाएंगी और उनकी मौत हो जाएगी। इसलिए यह घटना हादसा नहीं, बल्कि पूर्व नियोजित हत्या है।
इस मामले में थाना कबरवाला पुलिस ने मृतका के पिता बरजिंदर सिंह के बयानों के आधार पर साहिलप्रीत सिंह खेड़ा के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Previous articleअब कुत्ते ने काटा तो सरकार को भरना पड़ेगा भारी हर्जाना, सुप्रीम कोर्ट ने राज्यों और डॉग लवर्स को दिया बड़ा झटका
Next articleप्रदेश में संक्रांति के बाद बदलेगा मौसम का मिजाज, उत्तरी इलाकों में मावठा गिरने की संभावना