चीनी माँझा बना जानलेवा, कलेक्टर से सख्त कार्रवाई की मांग

Join Us

 आशीष गहलोत ने जारी किया बयान, कहा- प्रतिबंध के बावजूद खुलेआम बिक रहा खतरनाक माँझा
सीहोर। शहर में प्रतिबंध के बावजूद चीनी माँझे की बिक्री और उपयोग लगातार बढ़ता जा रहा है, जो आमजन के लिए गंभीर खतरा बन चुका है। इसको लेकर आशीष गहलोत ने कलेक्टर सीहोर के नाम बयान जारी कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।
आशीष गहलोत ने अपने बयान में कहा कि हर वर्ष संक्रांति एवं त्यौहारी सीजन में पतंग उड़ाने के दौरान चीनी माँझे का बड़े पैमाने पर उपयोग किया जाता है। यह माँझा अत्यंत धारदार और जानलेवा होता है, जिससे बाइक सवार, पैदल राहगीर, बच्चे और पक्षी तक गंभीर रूप से घायल हो रहे हैं। कई मामलों में लोगों के नाक, कान और गले कटने जैसी घटनाएँ सामने आ चुकी हैं।
उन्होंने कहा कि शासन द्वारा चीनी माँझे पर प्रतिबंध लगाया गया है, इसके बावजूद शहर एवं आसपास के क्षेत्रों में इसकी खुलेआम बिक्री हो रही है। प्रतिबंधित सामग्री बेचने वाले दुकानदारों पर न तो जप्ती की जा रही है और न ही कोई ठोस दंडात्मक कार्रवाई, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा लगातार बना हुआ है।
आशीष गहलोत ने कलेक्टर से मांग की है कि शहर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में चीनी माँझे की बिक्री, भंडारण और उपयोग पर तत्काल कड़ाई से रोक लगाई जाए, दोषी दुकानदारों के विरुद्ध जप्ती एवं दंडात्मक कार्रवाई की जाए तथा पुलिस-प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर जन-जागरूकता बढ़ाई जाए।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सख्त कदम नहीं उठाए गए तो कोई बड़ी दुर्घटना से इनकार नहीं किया जा सकता। प्रशासन को सार्वजनिक सुरक्षा के हित में तुरंत प्रभावी कार्रवाई करनी चाहिए।

Previous articleक्रमोन्नति वेतनमान की मांग को लेकर शिक्षक संघ ने किया धरना प्रदर्शन
Next articleसीहोर में हो रहा है खाटू श्याम कथा आयोजन