खाटू श्याम की भजन संध्या आज
श्रद्धा और भाव से बनते हैं बिगड़े काम :- सुरेशानंद महाराज
सीहोर नगर मैं चल रही चार दिवसीय खाटू श्याम बाबा की कथा के प्रथम दिन उज्जैन से पधारे पंडित सुरेशानंद जी महाराज ने कहा कि जब मनुष्य ईश्वर के प्रति सच्ची आस्था, भाव और श्रद्धा रखता है, तो जीवन की कठिन परिस्थितियां भी धीरे-धीरे संभलने लगती हैं। उन्होंने समझाया कि विश्वास ही वह शक्ति है, जो इंसान को टूटने से बचाती है।
‘हारे का सहारा’ की भावना से गूंजा पंडाल
सीहोर सांस्कृतिक मंच सीहोर द्वारा आयोजित चार दिवसीय श्री खाटू श्याम कथा के दौरान पंडित सुरेशानंद जी महाराज ने कहा कि जब इंसान चारों ओर से हार जाता है, तब वह बाबा श्याम की शरण में आता है। इसी भावना को शब्दों में पिरोते हुए उन्होंने प्रसिद्ध पंक्ति दोहराई “हारे का सहारा, बाबा श्याम हमारा।” इस भावपूर्ण संदेश से श्रद्धालु भाव-विभोर हो उठे और पूरा पंडाल जयकारों से गूंजने लगा।
आरती और जयकारों के साथ भक्तिमय माहौल
कथा की शुरुआत और समापन बाबा श्याम की आरती के साथ हुआ। इस दौरान “जय श्री श्याम” के जयकारों से वातावरण पूरी तरह भक्तिमय बन गया। महोत्सव में हजारों की संख्या में महिलाएं, पुरुष और बच्चे शामिल हुए और भक्ति रस में डूबे नजर आए।
कथा के दौरान “दर-दर भटकने वाले, बाबा से दिल लगा ले…”, “भर दे रे, श्याम झोली भर दे…”, “याद तुम्हारी आती है, मैं तेरे दर पर आता हूं…” जैसे भजनों पर श्रद्धालु झूमते, गाते और नाचते रहे। भक्ति संगीत ने पूरे आयोजन को और भी जीवंत बना दिया।
खाटू श्याम की भजन संध्या आज
श्री श्याम प्रभु की कृपा से शनिवार को गणेश मंदिर परिषद पलटन एरिया पर खाटू श्याम की भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। आयोजन शाम 7 बजे से प्रारंभ होगा। इस अवसर पर भक्त इत्र वर्षा, छप्पन भोग, भजन दरबार, पुष्प वर्षा, अलौकिक शृंगार एवं अखंड ज्योत दर्शन का दिव्य लाभ ले सकेंगे। सीहोर सांस्कृतिक मंच के आशीष गुप्ता
ने बताया भव्य खाटू श्याम संध्या का शनिवार 10 जनवरी को रात्रि 7:00 से किया जाएगा जिसमें भजन गायक उत्कर्ष अग्रवाल, अखिलेश महेश्वरी, भजन गायिका कुमारी निम्मी पांचाल, संतोष राठौड़ द्वारा भजनों की मनमोहक प्रस्तुति जाएगी आयोजन समिति श्रीमती प्रेमलता राठौर श्रीमती सीमा सक्सेना आशीष गुप्ता दीपक राठौड़ कपिल राजोरिया श्रद्धालुओं से शामिल होकर धर्म के लाभ उठाने की अपील की
है







