मध्य प्रदेश में कड़ाके की सर्दी का कहर

Join Us

 उत्तरी हिस्से में छा रहा घना कोहरा, कोहरे से रेल यातायात प्रभावित
भोपाल (आरएनएस)। मध्य प्रदेश इस समय भीषण ठंड की चपेट में है। रात का तापमान कई जिलों में 3 डिग्री सेल्सियस से नीचे पहुंच गया है, जबकि सुबह प्रदेश के करीब आधे हिस्से में घना कोहरा छाया हुआ है। कोहरे की वजह से दिल्ली से एमपी आने वाली एक दर्जन से अधिक ट्रेनें रोजाना 2 से 6 घंटे की देरी से चल रही हैं। बीती रात शहडोल जिले का कल्याणपुर प्रदेश में सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया। सीहोर, छिंदवाड़ा और मुरैना में पौधों पर जमी ओस बर्फ की तरह जम गई। मौसम विभाग का कहना है कि जनवरी माह में भी इसी तरह की कड़ाके की सर्दी का सिलसिला जारी रहेगा। अगले 2-3 दिनों में ठंड का असर और बढ़ सकता है, क्योंकि हिमालय क्षेत्र में एक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय है। इसके आगे बढऩे पर बर्फ पिघलेगी और ठंडी हवाओं की रफ्तार तेज होगी, जिससे प्रदेश में ठंड और बढ़ेगी। प्रदेश के उत्तरी हिस्सों में सुबह के समय घना कोहरा बना हुआ है। ग्वालियर, शिवपुरी, श्योपुर, मुरैना, भिंड, दतिया, निवाड़ी, छतरपुर, टीकमगढ़, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, शहडोल, उमरिया और अनूपपुर जिलों में दृश्यता काफी कम रही। वहीं भोपाल, इंदौर, रायसेन, शाजापुर, राजगढ़, सीहोर और देवास सहित कई जिलों में मध्यम कोहरा देखा गया। बुधवार को भी प्रदेश के आधे हिस्से में कोहरे का असर रहा, जबकि उमरिया और शहडोल में शीतलहर की स्थिति बनी रही। भोपाल में दिन के समय सर्द हवाएं चलीं।

दिन में भी सर्दी का असर, कई जगह कोल्ड डे जैसी स्थिति

प्रदेश में रात के साथ-साथ दिन के तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई है। बुधवार को उत्तर-पूर्वी हिस्से के एक दर्जन से अधिक जिलों में तेज ठंड रही। खजुराहो में अधिकतम तापमान 15.4 डिग्री और नौगांव में 15.5 डिग्री दर्ज किया गया। दतिया में 16.1, रीवा में 17, टीकमगढ़ में 18, ग्वालियर में 18.2, श्योपुर में 18.4 और सतना में 19.5 डिग्री तापमान रहा, जिससे इन इलाकों में कोल्ड डे जैसी स्थिति बनी। इसके अलावा पचमढ़ी में 20, गुना में 21.2, सीधी में 21.4, दमोह में 21.5, शिवपुरी में 22, मलाजखंड में 23, रतलाम में 23.2, भोपाल में 23.4, उमरिया में 23.5 और जबलपुर में 23.7 डिग्री अधिकतम तापमान दर्ज किया गया। कुल मिलाकर प्रदेश के 17 शहरों में दिन का पारा 24 डिग्री से नीचे रहा।

रात का पारा 10 डिग्री से नीचे

प्रदेश के अधिकांश शहरों में रात का तापमान 10 डिग्री से नीचे बना हुआ है। मंगलवार-बुधवार की रात कल्याणपुर (शहडोल) में न्यूनतम तापमान 2.7 डिग्री दर्ज किया गया। उमरिया में 3.9, राजगढ़ और खजुराहो में 4.5, शिवपुरी में 5, रीवा में 5.8, मलाजखंड में 6.1, पचमढ़ी में 6.2, मंडला में 6.3, गुना में 6.4, रायसेन और दमोह में 6.5, सतना में 6.6, दतिया में 6.9, नौगांव में 7, टीकमगढ़ में 7.2 और छिंदवाड़ा में 7.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। प्रदेश के पांच बड़े शहरों में जबलपुर सबसे ठंडा रहा, जहां न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री दर्ज किया गया। भोपाल में 8.4, ग्वालियर में 8.7, उज्जैन में 10.5 और इंदौर में 11 डिग्री तापमान रहा।

Previous articleसुप्रीम कोर्ट की सफाई.. सडक़ों से सभी कुत्तों को हटाने का ऑर्डर नहीं दिया
Next article500 प्रतिशत टैरिफ की धमकी… ट्रंप की नई चाल से हिल गया भारत का शेयर बाजार