धार(ए.)। इलाके में पिछले कई दिनों से जारी कड़ाके की जानलेवा ठंड का असर अब बच्चों पर भी दिखाई देने लगा है। गुरुवार सुबह नवोदय विद्यालय मुलथान में कक्षा छठी की एक छात्रा की स्कूल ग्राउंड में खड़े-खड़े अचानक तबीयत बिगडऩे से मौत हो गई। मृतका की पहचान निशा (13), पिता राहुल सूर्यवंशी, निवासी ग्राम मुलथान के रूप में हुई है।
बताया गया कि निशा रोज की तरह सुबह पीटी के लिए अन्य बच्चों के साथ स्कूल मैदान में गई थी। सुबह करीब सवा सात बजे वह अचानक जमीन पर गिर पड़ी। मौके पर मौजूद बच्चों और शिक्षकों ने उसे संभालने की कोशिश की, लेकिन कोई प्रतिक्रिया नहीं मिलने पर उसे तत्काल सिविल अस्पताल बदनावर ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
अस्पताल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस ने मर्ग कायम किया और शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। फिलहाल मौत के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन कड़ाके की ठंड में अल सुबह खुले मैदान में गतिविधि के दौरान साइलेंट अटैक की आशंका जताई जा रही है। मासूम छात्रा की मौत की खबर जैसे ही गांव और स्कूल परिसर में फैली, वहां शोक का माहौल छा गया।
बदनावर सिविल अस्पताल के डॉक्टर कृष्णा राठौड़ ने बताया कि बच्ची को अस्पताल मृत अवस्था में लाया गया था। प्रथम दृष्टया साइलेंट अटैक की आशंका है, हालांकि मौत का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। वहीं बदनावर थाना प्रभारी अमित कुशवाह ने बताया कि मर्ग कायम कड़ाके की ठंड का कहर, पीटी के दौरान नवोदय विद्यालय की छात्रा की मौत, साइलेंट अटैक की आशंका कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।








