पुतले को पानी में डुबोया, इंदौर में घंटा लेकर निगम कार्यालय पहुंचे

Join Us

 कैलाश विजयवर्गीय के विरोध में कांग्रेस का प्रदेश भर में प्रदर्शन
भोपाल,(ए.)। मध्य प्रदेश के इंदौर शहर के भागीरथपुरा में दूषित पानी पीने से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस ने शुक्रवार को प्रदेशभर में विरोध प्रदर्शन किया। भोपाल और इंदौर से लेकर प्रदेश भर में युवा कांग्रेस के नेता और कार्यकर्ताओं ने लामबंद हुए है। भोपाल में युवा कांग्रेस द्वारा विरोध प्रदर्शन कर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले को छोटे तालाब के गंदे पानी में डुबकी लगवाकर दूषित पानी पिलाया गया। वहीं इंदौर में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शहर में घंटे घडिय़ाल बजाकर प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने निगम मुख्यालय में घुसने का प्रयास किया। प्रदर्शन कर रहे करीब आधा दर्जन कांग्रेसी कार्यकर्ताओं को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।इंदौर में दूषित पानी से हुई मौतों को लेकर कांग्रेस प्रदेश सरकार पर चौतरफर हमला बोल रही है। शुक्रवार को भोपाल में युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने अनोखा प्रदर्शन किया। युवक कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने छोटे तालाब के गंदे पानी में नाव में बैठकर मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के पुतले को डुबाया। भोपाल युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा किए गए विरोध प्रदर्शन में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को जिम्मेदार ठहराया गया।इंदौर में घंटा लेकर निगम कार्यालय पहुंचे कांग्रेसी, पुलिस ने छीनाइंदौर के भागीरथपुरा में प्रशासनिक लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण 15 निर्दोष नागरिकों की हुई मौत के खिलाफ नगर निगम कार्यालय के बाहर युवा कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। इस प्रदर्शन के साथ ही युवा कांग्रेस ने इस जनसंहार के लिए जिम्मेदार लोगों पर तुरंत मामला दर्ज करने की मांग की हैं। प्रदर्शन कर रहे युवा कांग्रेस का कहना था कि यह कोई हादसा नहीं, बल्कि भाजपा के कुशासन, संवेदनहीन प्रशासन और बेलगाम भ्रष्टाचार का खूनी नतीजा है। साथ ही उन्होंने इस जनसंहार के लिए जिम्मेदारों के खिलाफ मामला दर्ज कर कार्रवाई करने की मांग की हैं। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन करते हुए निगम प्रशासन और नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। इंदौर मामले को लेकर युवा कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित पटेल का कहना है, विकास के झूठे नारे लगाकर सत्ता पर काबिज होने बीजेपी नेता अपनी तिजोरियां भरने के लिए आम पब्लिक को गटर का मैल मिला दूषित पानी पिलाकर मौत के मुंह में धकेल रहे है। यह लापरवाही नहीं, बल्कि जनता की जान से खिलवाड़ है। जब तक मृतकों के परिजनों को न्याय नहीं मिलता हम और हमारी पार्टी सडक़ से लेकर सदन तक विरोध करती रहेगी। इस कृत्य के लिए जिम्मेदार भाजपा नेताओं और अधिकारियों के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया जाए। प्रदर्शन कर रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने नगर निगम कार्यालय के बाहर बैरिकेट्स लगाकर बाहर ही रोक दिया है, जिससे कांग्रेसी भडक़ गए। इस दौरान कांग्रेसियों ने बैरिकेट्स पर चढक़र अंदर घुसने का प्रयास किया। इस बीच पुलिस और कार्यकर्ताओं में झूमाझटकी भी हुई। युवा कांग्रेस अध्यक्ष रफीक खान की पुलिस से जमकर बहस भी हुई। कांग्रेसियों ने घंटी बजाकर नगर निगम के जिम्मेदार अधिकारियों को जगाने का प्रयास किया और दूषित पानी से जुड़े मुद्दे में निष्पक्ष जांच की मांग की। बड़ी संख्या में महिला कार्यकत्र्ताएं भी मौजूद थीं। उन्होंने नारेबाजी करते हुए बैरिकेडिंग पार करने की कोशिश की। हालांकि बाद में पुलिस ने करीब 6 कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेकर औपचारिक गिरफ्तारी के लिए जिला जेल भेज दिया है। वहीं इस आंदोलन के दौरान युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं से पुलिस ने घंटा छीनकर जब्त किया।
गुना में शुक्रवार को अंबेडकर चौराहे पर युवा कांग्रेस के नेतृत्व में तीखा विरोध-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन के दौरान आक्रोशित कार्यकतार्ओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय का पुतला दहन किया और उनके इस्तीफे की मांग की। पुतला दहन के दौरान चौराहे पर हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। जैसे ही कार्यकर्ताओं ने पुतले में आग लगाई, तैनात पुलिस बल ने जलते पुतले पर पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और कार्यकर्ताओं के बीच जमकर झूमाझटकी और झड़प हुई। पुतले को पूरी तरह जलाने की कोशिश में युवा कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ता भी झुलस गए। प्रदर्शनकारी मंत्री विजयवर्गीय के खिलाफ जोरदार नारेबाजी कर रहे थे और उनके आचरण को लोकतंत्र के लिए शर्मनाक बता रहे थे। युवा कांग्रेस जिला अध्यक्ष पंचम भील के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता भी शामिल हुए। इस अवसर पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मेहरबान सिंह धाकड़ ने कहा कि एक तरफ इंदौर में दूषित पानी से लोगों की जान जा रही है, वहीं दूसरी तरफ जिम्मेदार मंत्री संवेदनशीलता दिखाने के बजाय पत्रकारों से अभद्र व्यवहार कर रहे हैं। प्रदर्शन में पार्षद तरुण सेन पूर्व अध्यक्ष आर्यन सेंड़ो सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि जब तक मंत्री अपने पद से इस्तीफा नहीं देते, यह विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा।

Previous articleहिंदू को जिंदा जलाकर मारने की कोशिश, तालाब में कूदकर बचाई जान
Next articleनियम-कानून की कोई परवाह नहीं