कश्मीर में 40 दिनों की भीषण सर्दी शुरू, लद्दाख में तापमान शून्य से 18 डिग्री नीचे

Join Us

श्रीनगर (आरएनएस)। कश्मीर घाटी में 40 दिनों की भीषण सर्दी शुरू हो गई है, जिससे तापमान शून्य से नीचे चला गया है। इस कडक़ड़ाती सर्दी को आम भाषा में चिल्लई कलां कहते हैं। हांड़ कंपाने वाली सर्दी 21-22 दिसंबर से शुरू हुई है, जो 40 दिनों तक चलेगी। इस बीच, लद्दाख में भी काफी ठंड पड़ रही है, जिससे यह देश का सबसे ठंडा क्षेत्र बन गया है। लद्दाख में तापमान लगातार गिर रहा है।मध्य कश्मीर के गांदरबल जिले में सोनमर्ग का तापमान सबसे कम शून्य से 5.8 डिग्री नीचे दर्ज किया गया है। विश्व प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में भी तापमान शून्य से 4.2 और पहलगाम रिसॉर्ट में शून्य से 4.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया है। दक्षिण कश्मीर के शोपियां में तापमान शून्य से 4.7, पुलवामा में शून्य से 4.3, श्रीनगर में शून्य से 2.6 और श्रीनगर हवाई अड्डे पर तापमान शून्य से 3.48 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।लद्दाख में इस समय सबसे ठंडा क्षेत्र है, जहां तापमान लगातार गिर रहा है। लेह शहर में न्यूनतम तापमान शून्य से 9.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि कारगिल में यह शून्य से 9.2 डिग्री सेल्सियस रहा है। द्रास इस क्षेत्र का सबसे ठंडा स्थान बना हुआ है, जहां तापमान शून्य से 18.1 डिग्री सेल्सियस तक गिर गया है। मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि अगले कुछ दिनों में बर्फबारी ठंड बढ़ाएगी।
कश्मीर में चिल्लई कलां के पहले दिन गुलमर्ग, पहलगाम और सोनमर्ग जैसे लोकप्रिय पर्यटन स्थलों सहित ऊंचे इलाकों में बर्फबारी हुई है। श्रीनगर स्थित मौसम विभाग का कहना है कि नए साल पर हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आमतौर पर बादल छाए रहेंगे। उत्तरी और मध्य कश्मीर के कुछ मध्य और ऊंचे इलाकों में मध्यम बर्फबारी हो सकती है। इससे गुलमर्ग और पहलगाम जैसे क्षेत्रों समेत राज्य में पर्यटन को और बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।

Previous articleमहाराष्ट्र नगर निगम चुनाव में शरद पवार के साथ मिलकर लड़ेंगे अजित पवार
Next article बांग्लादेश में नहीं थम रहा हिंदुओं पर अत्याचार, एक और युवक की हत्या; 10 दिन में तीसरा मामला