वॉशिंगटन (आरएनएस)। अमेरिका की राजधानी वॉशिंगटन डीसी में व्हाइट हाउस के पास फायरिंग हुई है। इसमें पांच लोगों को गोली लगी है। पुलिस के मुताबिक, गुरुवार को व्हाहट हाउस से करीब 1.6 किमी दूर लोगान सर्कल इलाके में कई जगहों पर फायरिंग की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस अधिकारी नाथन क्लार्क ने बताया कि फिलहाल घटना से जुड़ी ज्यादा जानकारी सामने नहीं आई है। गोलीबारी की सटीक जगह का भी पता नहीं चल पाया है।अमेरिकी राजधानी वाशिंगटन, डीसी के एक पॉश इलाके में गुरुवार सुबह गोलीबारी की घटना सामने आई है। इसमें पांच लोगों को गोली लगी। इनमें से एक व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस कई स्थानों पर कार्रवाई कर रही है और मामले की जांच में जुटी है। यह इलाका व्हाइट हाउस से अधिक दूर नहीं है। गोलीबारी की यह घटना व्हाइट हाउस से करीब 1 मील उत्तर में स्थित लोगन सर्कल में हुई।
पांच लोगों को लगी गोली, जिम में एक की मौत
पुलिस के मुताबिक, गोलीबारी की सूचना मिलने पर बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। घटना के दौरान एक जिम में मौजूद व्यक्ति को गर्दन में गोली लगी। वहां मौजूद प्रत्यक्षदर्शी जेम्स स्पेलमैन ने बताया कि सुबह करीब आठ बजे जिम में लगभग 50 लोग मौजूद थे। तभी गोलियों की आवाज सुनाई दी। एक व्यक्ति जमीन पर गिर पड़ा और उसके आसपास खून फैल गया। जिम के एक सदस्य ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी। प्रत्यक्षदर्शी के मुताबिक, जिम के अंदर करीब दो और बाहर पांच से छह गोलियां चलने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद लोग अपनी जान बचाने के लिए बाहर भागे। पुलिस ने आसपास की सडक़ों को बंद कर दिया और लोगों को घटनास्थल से दूर रहने की सलाह दी।
इलाके के स्कूलों में भी लॉकडाउन लगा दिया गया।
15वीं स्ट्रीट के आसपास जाने से बचने की अपील
मामले में पुलिस अधिकारी नाथन क्लार्क ने बताया कि गोलीबारी के सटीक स्थान सहित अन्य कोई विवरण तुरंत उपलब्ध नहीं है। पुलिस ने नागरिकों से 15वीं स्ट्रीट के 1500 ब्लॉक के इलाके से बचने का आग्रह किया है। इस ब्लॉक में वीआईडीए फिटनेस सेंटर, सेंट ल्यूक एपिस्कोपल चर्च और कई आवासीय इमारतें शामिल हैं। यह इलाका होल फूड्स सुपरमार्केट के ठीक पास है। घटना के बाद ब्लॉक के अधिकांश हिस्से को सील कर दिया गया था। घटनास्थल पर पुलिस की भारी संख्या में तैनाती की गई थी। इलाके के आसपास की सडक़ों को भी सुरक्षा कारणों से बंद कर दिया गया था








