पीजी कालेज ने भैरुंदा को हराया, यश दुबे ने खेली 41 रन की पारी, हासिल किए चार विकेट
सीहोर। शहर के भोपाल नाके पर चंद्रशेखर आजाद शासकीय पीजी महाविद्यालय मैदान पर आगामी दिनों में संभाग स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन किया जाना है, इसको लेकर तीन कालेजों के मध्य अभ्यास मैच खेले गए थे, इसमें फाइनल मैच सीहोर पीजी कालेज और भैरुंदा के मध्य खेला गया। फाइनल मैच में सीहोर पीजी कालेज ने एक तरफा मुकाबले में भैरुंदा को 115 रन के विशाल अंतर से हराया। इस मैच में पहले बल्लेबाजी करने उतरी पीजी कालेज की टीम ने 155 रन बनाए थे। इसमें टीम के कप्तान यश दुबे ने 41 रन, समीर ने 42 रन, रोहन ने 21 रन की पारी खेली, वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भैरुंदा टीम 40 रन ही बना सकी।
इस संबंध में पीजी कालेज टीम के कप्तान यश दुबे ने बताया कि आगामी दिनों में टीम के शानदार खिलाड़ियों का चयन संभाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी सीहोर पीजी कालेज की टीम के बल्लेबाजों ने शानदार खेल का प्रदर्शन किया। इसमें कप्तान यश दुबे ने 41 रन, समीर ने 42 रन, गौरव ने 13 रन और रोहन ने 21 रन बनाए थे। वहीं लक्ष्य का पीछा करने उतरी भैरुंदा टीम मात्र 40 रन ही बना सकी। इसमें कृष्णा ने 10 रन बनाए थे, इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज दहाई का आंकड़ा भी नहीं छू सका। सीहोर पीजी कालेज की ओर से यश दुबे ने चार विकेट, विजय-आनंद ने दो-दो विकेट और रोहन-मानस ने एक-एक विकेट हासिल किया। टीम की विजय पर क्रीडा अधिकारी अनिल पिपलोदिया, मनोज दीक्षित मामा, आयुष गुप्ता आदि ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।








