सांसद माया नारोलिया ने सरकार का ध्यान कराया आकर्षित
नर्मदापुरम। नई दिल्ली। राज्यसभा सांसद माया नारोलिया ने सदन में नर्मदापुरम् एवं नरसिंहपुर जिलों की जनता से जुड़े दो महत्वपूर्ण रेल मुद्दों को जोरदार तरीके से उठाते हुए केंद्र सरकार से तत्काल निराकरण की मांग की। उन्होंने कहा कि रेलवे सेवाओं के अभाव में क्षेत्र के यात्रियों को लगातार भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है। राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया ने कहा कि एलटीटी हरिद्वार सुपरफास्ट एक्सप्रेस ;12171, व 12172 का नर्मदापुरम् स्टेशन पर ठहराव न होना क्षेत्र के हजारों यात्रियों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
मुंबई से हरिद्वार के बीच चलने वाली यह ट्रेन उत्तर भारत जाने वाले श्रद्धालुओंए छात्रों व्यापारियों और कर्मचारियों के लिए अत्यंत उपयोगी है। श्रीमती माया नारोलिया ने नर्मदापुरम् से कोलकाता के लिए सीधी ट्रेन सेवा शुरू करने की भी मांग की। उन्होंने कहा कि धार्मिक, व्यापारिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण इस क्षेत्र से कोलकाता के लिए कोई सीधी रेल सेवा उपलब्ध नहीं है, जिसके कारण यात्रियों को इटारसी या अन्य दूरस्थ स्टेशनों के माध्यम से यात्रा करनी पड़ती है।
अपनी बात समाप्त करते हुए सांसद ने सभापति के माध्यम से रेल मंत्री से अनुरोध किया कि नर्मदापुरम् और नरसिंहपुर की जनता की इन उचित मांगों को देखते हुए जल्द से जल्द स्वीकृति प्रदान की जाए।






