बेहद खराब श्रेणी में दिल्ली की हवा, कई राज्यों में आज होगी भारी बारिश 0-पहाड़ी राज्यों में जमने लगा पानी

Join Us

दिसंबर   शुरू होते ही उत्तर भारत में कड़ाके की ठंड ने दस्तक दे दी है। कई जगह कोहरा छाने के साथ-साथ सर्द हवाओं ने लोगों को कंपकंपा दिया है। दक्षिणी राज्यों में चक्रवात दितवाह के कारण बारिश का दौर जारी है। भारतीय मौसम विभाग (आईएमडी) ने मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र में दिसंबर-फरवरी के बीच इस बार 10 दिनों तक शीतलहर का प्रकोप रहने का अनुमान जताया है, जो आमतौर पर 4-5 दिन रहता है।
चक्रवात दितवाह इस समय तमिलनाडु-पुडुचेरी तटों के पास है, जिसके चलते मंगलवार (2 दिसंबर) को तमिलनाडु, पुडुचेरी, आंध्र प्रदेश, यनम और रायलसीमा में भारी बारिश की संभावना जताई गई है। चेन्नई और तिरुवल्लुर में बहुत भारी बारिश की संभावना के चलते कई जिलों में स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है। सोमवार को बारिश के चलते चेन्नई एयरपोर्ट से 10 उड़ानें रद्द की गईं। कई इलाकों में पानी भर गया, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ है।
हिमाचल प्रदेश में शीतलहर जैसे हालात बने हुए है। राज्य के 24 शहरों में रात का पारा 10 डिग्री से नीचे गिर गया है, जबकि ताबो का न्यूनतम तापमान माइनस 5.2 डिग्री तक गिर गया। उत्तराखंड के पहाड़ी इलाकों में पाला पडऩे से ठंड बढ़ गई है। राज्य के 4 धामों में तापमान माइनस 12 डिग्री नीचे चला गया है। जम्मू-कश्मीर के शोपियां में बर्फ जमने लगी है। इस दौरान सडक़ों पर 2-3 इंच बर्फ जमी नजर आ रही है।
राजस्थान में 3-5 दिसंबर के बीच चूरू, झुंझुनूं और सीकर में शीतलहर चलने का यलो अलर्ट है। आईएमडी के अनुसार, इस बार प्रदेश में दिसंबर-फरवरी के बीच प्रदेश कड़ाके की ठंड पडऩे की संभावना जताई है। मध्य प्रदेश में 5-6 दिसंबर से तेज सर्दी के साथ शीतलहर चलने के आसार हैं। मंगलवार से रात के पारे में 2-3 डिग्री की गिरावट होने की संभावना है। बिहार में मंगलवार सुबह 8 शहरों में कोहरा छाया हुआ है, जिससे ठिठुरन महसूस हुई।
दिल्ली में 2 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 8 डिग्री तक पहुंच सकता है। इस सप्ताह में यह 5 डिग्री तक गिर सकता है, जबकि अधिकतम 20 डिग्री से नीचे जा सकता है। इस दौरान शीतलहर चलने की संभावना है। राजधानी में मंगलवार सुबह 7 बजे औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 333 दर्ज किया गया, जो हवा की बेहद खराब श्रेणी में आता है। समीपवर्ती उत्तर प्रदेश में भी 2-3 दिसंबर को न्यूनतम तापमान में गिरावट आने के संकेत हैं।

Previous articleकुवैत से हैदराबाद की इंडिगो उड़ान को मानव बम से उड़ाने की धमकी, मुंबई भेजी गई
Next articleचेन्नई मेट्रो में आई तकनीकी खराबी, सुरंग के अंदर चलकर बाहर निकले यात्री