प्रदेश में ठंड का असर हुआ तेज, भोपाल-इंदौर में पारा 10 डिग्री से नीचे, 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट

Join Us

– रात में प्रदेश के कई शहरों में पारा लुढक़ा
भोपाल, (निप्र.)। उत्तर भारत के पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बाद मध्य प्रदेश में ठंड ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। राजधानी भोपाल, इंदौर और उज्जैन समेत आधा प्रदेश शीतलहर की चपेट में है। मौसम विभाग ने आज सोमवार को 20 जिलों में शीतलहर का अलर्ट जारी किया है।मौसम विभाग के अनुसार, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में हो रही बर्फबारी के कारण उत्तरी हवाएं सीधे मध्य प्रदेश की ओर बढ़ रही हैं, जिससे तापमान में लगातार गिरावट हो रही है। बीते रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान सामान्य से 5 से 7 डिग्री नीचे दर्ज किया गया। पिछले दो दिन में भोपाल, राजगढ़, सीहोर, इंदौर और शाजापुर में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा, जबकि रीवा, शहडोल और जबलपुर में भी शीतलहर चली। सोमवार को भोपाल, इंदौर, आगर-मालवा, राजगढ़, सीहोर, देवास, उज्जैन, शाजापुर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, रीवा, मऊगंज, सतना, पन्ना, मैहर, कटनी, जबलपुर, उमरिया और शहडोल में शीतलहर का अलर्ट है।शाजापुर इस समय सबसे ठंडा जिला रहा। भोपाल में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जो नवंबर माह के पिछले 10 साल का सबसे कम आंकड़ा है। इंदौर में पारा 7 डिग्री सेल्सियस तक गिरा, जो नवंबर में पिछले 25 वर्षों की सबसे सर्द रात रही। 1938 में यहां नवंबर माह का ऐतिहासिक रिकॉर्ड 5.6 डिग्री दर्ज हुआ था। इसी तरह राजगढ़ में भी तापमान 7 डिग्री तक लुढक़ा। उज्जैन, जबलपुर, ग्वालियर, रीवा और सीहोर में भी ठंड ने असर दिखाया। उज्जैन में 10.5 डिग्री, ग्वालियर में 10.7 और जबलपुर में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया। शनिवार-रविवार की रात में प्रदेश के कई शहरों में पारा रिकॉर्ड लुढक़ा। प्रदेश के इकलौते हिल स्टेशन पचमढ़ी में बाकी शहरों से ठंड का असर कम है। यहां पारा 15 डिग्री रहा। सीहोर में 8.5 डिग्री, उमरिया में 9.5 डिग्री, मलाजखंड में 9.6 डिग्री और रीवा में 9.9 डिग्री दर्ज किया गया। इसी तरह छिंदवाड़ा में 10 डिग्री, नौगांव में 10.5 डिग्री, मंडला में 10.6 डिग्री, बैतूल में 10.8 डिग्री, गुना, दमोह-शिवपुरी में 11 डिग्री, सागर में 11.5 डिग्री, धार में 11.6 डिग्री, टीकमगढ़-सतना में 11.8 डिग्री, रतलाम में 12.2 डिग्री, दतिया में 12.5 डिग्री, श्योपुर में 12.6 डिग्री, खजुराहो में 13 डिग्री, खंडवा, सीधी-नरसिंहपुर में 13.4 डिग्री, नर्मदापुरम में 13.7 डिग्री और खरगोन में पारा 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि यह ठंड नवंबर के शुरुआती दौर के लिए असामान्य है। आने वाले दिनों में कोहरे की स्थिति भी बढ़ सकती है, खासकर देर रात और सुबह के समय। दिन के तापमान में भी ठंडक घुलने लगी है। रविवार को अधिकांश शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री से नीचे रहा।

Previous articleबड़ी आतंकी साजिश नाकाम : फरीदाबाद में डॉक्टर के घर से 300 किलो आरडीएक्स और 2 एके-47 बरामद, जम्मू-कश्मीर पुलिस ने की कार्रवाई
Next articleदिल्ली में लाल किले के पास कार में जोरदार धमाका, पार्किंग में खड़ी गाडियां जलीं