भोपाल में 70 साल की बुजुर्ग को बेटे-बेटी ने ढाई साल से कमरे में बंद कर रखा, पुलिस ने छुड़ाया

Join Us

भोपाल (निप्र)। राजधानी के पिपलानी इलाके के कल्पना नगर में बेटा-बेटी द्वारा अपनी 70 साल की बुजुर्ग मां को कैद रखने का मामला सामने आया है। बेटा-बेटी भी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताए जा रहे हैं। पड़ोसियों से मिली सूचना के बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला को घर के बंद कमरे से रेस्क्यू किया तथा अस्पताल में भर्ती कराया।
मिली जानकारी के अनुसार कल्पना नगर में इंसानियत को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है। 70 वर्षीय बुजुर्ग मां को उसके ही मानसिक रूप से कमजोर बेटे और बेटी ने करीब ढाई साल तक एक कमरे में कैद कर रखा था। पुलिस ने जब कमरे का दरवाजा खोला तो महिला की हालत देखकर हैरान हो गए। पुलिस टीम ने बुजुर्ग को बरामद करके इलाज के लिए हमीदिया अस्पताल भेजा। जहां पर डॉक्टरों की निगरानी में इलाज जारी है। बुजुर्ग महिला का पति कई साल पहले गुजर चुका है। वे अपने बेटे अजय सैनी और बेटी मीनाक्षी सैनी के साथ कल्पना नगर में रहती थीं। दोनों संतानें मानसिक रूप से कमजोर हैं और आसपास के लोगों से खाना मांगकर जीवन-यापन कर रहे थे।
धीरे-धीरे बुजुर्ग मां की हालत इतनी बिगड़ गई कि वह चल-फिर नहीं पाती थीं। ऐसे में दोनों बच्चों ने उन्हें एक कमरे में बंद कर दिया। पुलिस जांच में सामने आया है कि आसपास के लोगों ने जब कई दिनों तक बुजुर्ग को बाहर न देखा और घर से बदबू आने लगी तो पड़ोसी अनिल सेवानी ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पिपलानी पुलिस मौके पर पहुंची तथा दरवाजा खोलने के बाद महिला को बाहर निकाला गया। उनकी हालत बेहद खराब थी। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया।

Previous articleकुटीर उद्योगों की स्थापना एवं स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन से रोजगार के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे : उप मुख्यमंत्री श्री शुक्ल
Next articleमुख्यमंत्री डॉ. यादव किसान हित और उनके कल्याण के लिए संकल्पित : कृषि मंत्री श्री कंषाना