इनर व्हील क्लब जबलपुर साउथ ने हितकरणी नर्सिंग कॉलेज में जागरूकता अभियान का आयोजन किया, जिसका उद्देश्य महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा से बचाव के बारे में जानकारी प्रदान करना था। इस अवसर पर डीएसपी रीना पांडे, निरीक्षक ईओडब्लू भूमिश्वरी चौहान और टीआई लोकायुक्त शशि मसकुले ने महिला सुरक्षा और घरेलू हिंसा से बचाव के विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि कैसे महिलाएं घरेलू हिंसा से बच सकती हैं और अपने अधिकारों का उपयोग कर सकती हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि शुरुआत में ही अगर घरेलू हिंसा को दबा दिया जाए, तो बाद में वो गंभीर रूप लेने से बच जाती है, इसके लिए हमें पहल करनी होगी और हमें अपनी आवाज उठानी सीखनी पड़ेगी। कॉलेज की उप प्राचार्य डॉ प्रिंसी जॉर्ज ने छात्राओं को मार्गदर्शन प्रदान किया एवं डॉ निलेश पाण्डेय प्राचार्य महिला महाविद्यालय ने अतिथियों का परिचय कराया और इस पहल के लिए इनर व्हील क्लब जबलपुर साउथ को धन्यवाद दिया । इस कार्यक्रम में इनरविल क्लब जबलपुर साउथ की अध्यक्ष सीए मधु अग्रवाल, सचिव इति गुप्ता, कोषाध्यक्ष शालिनी अग्रवाल, नंदिनी अग्रवाल, श्रद्धा चतुर्वेदी, नंदा शर्मा और अर्चना गर्ग सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।








