कोलकाता(आरएनएस)। आज से ही पूरे बंगाल में एसआईआर जहां शुरु हो गया है। वहीं एसआईआर महानगर कोलकाता के सीने पर तृणमूल कांग्रेस ने एक महा रैली का आयोजन किया जिसमें सीएम व पार्टी प्रमुख ममता बनर्जी के साथ ही तृणमूल कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी भी शामिल हुए। अभिषेक बनर्जी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखे हमले किए। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व वाला केंद्र एसआईआर प्रक्रिया का इस्तेमाल आम मतदाताओं को डराने-धमकाने और अधिकारों से वंचित करने के लिए कर रहा है। अभिषेक बनर्जी ने बीजेपी और चुनाव आयोग पर बंगाल को उसकी पहचान से वंचित करने के लिए मिलकर काम करने का आरोप लगाते हुए, बनर्जी ने चेतावनी दी कि बंगाली अपनी भाषा बोलने के लिए खुद को बांग्लादेशी करार दिए जाने की इजाजत नहीं देंगे। मध्य कोलकाता में आयोजित उक्त विशाल रैली को संबोधित करते हुए अभिषेक ने दावा किया कि एसआईआर के डर से राज्य में हाल के दिनों में सात लोगों की मौत हो चुकी है। उनके अनुसार, मृतक सभी वैध मतदाता थे और उनके परिजन भी कार्यक्रम के दौरान मौजूद थे। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि केंद्र सरकार इस मुद्दे पर जिम्मेदारी नहीं दिखाती, तो तृणमूल कांग्रेस दिल्ली की सडक़ों पर उतरकर बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेगी। अभिषेक ने प्रधानमंत्री पर मनमाने फैसले थोपने का आरोप लगाते हुए कहा कि कभी नोटबंदी, तो कभी नागरिकता से जुड़े दस्तावेज मांगकर मोदी आम और मध्यम वर्ग को परेशान करते आए हैं। दिल्ली के जमींदारों के सामने हम झुकने वाले नहीं। उन्होंने भाजपा को भी चुनौती देते हुए कहा कि महज़ दो दिनों की तैयारी में इतनी बड़ी भीड़ इक_ी करना यह साबित करता है कि यदि पार्टी दिल्ली में धरना देगी तो उसका आकार कितना विशाल होगा। अभिषेक ने कहा कि छह लोगों की मौत पहले ही हो चुकी है और लगभग सभी का नाम वोटर सूची में था। उन्होंने इस प्रक्रिया को बंगाल विरोधी बताते हुए सवाल उठाया कि असम में एसआईआर क्यों नहीं हो रहा। इसके अलावा अभिषेक ने हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के बयान पर आपत्ति जतायी, जिसमें कहा गया कि केवल देश में जन्म लेने वालों को ही वोट का अधिकार मिलेगा।








