राम पथ गमन के जिलों में दीपोत्सव पर्व-2025 का आयोजन एक नवम्बर को
भोपाल (ए.)। देव प्रबोधिनी एकादशी के अवसर पर 1 नवंबर, 2025, विक्रम संवत् – 2082, कार्तिक शुक्ल एकादशी पर सायं दीपोत्सव पर्व-2025 के तहत राम पथ गमन क्षेत्र के 9 स्थलों पर 3,51,111 दीपों से श्रीरामचंद्र जी, माता सीता, माँ नर्मदा, माँ मंदाकिनी की दीप आराधना की जाएगी। दीप प्रज्वलन के साथ ही भक्ति संगीत संध्या का आयोजन भी किया जाएगा। भक्ति संगीत संध्या में प्रदेश के ख्यातिलब्ध कलाकार भाग लेंगे। श्रीरामचन्द्र पथ गमन न्यास द्वारा यह आयोजन राम पथ गमन के चिह्नांकित जिलों में जिला प्रशासन के सहयोग से संयोजित किया जाएगा। न्यास द्वारा चित्रकूट के राघव प्रयाग घाट-पंचवटी घाट, अमरकंटक के रामघाट, मैहर की आल्हा तलैया, नर्मदापुरम् के सेठानी घाट, कटनी के कटायेघाट तालाब, पन्ना के धरम सागर तालाब, उमरिया के प्राचीन सगरा मंदिर में होगा। जबकि शहडोल के सीतामढ़ी (गंधिया) में आयोजन 5 नवंबर को किया जाएगा। न्यास के सीईओ एन.पी. नामदेव ने बताया कि आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करने वाला यह आयोजन जन-जन तक प्रभु श्रीरामंचद्र जी के आदर्शों को सम्प्रेषित करेगा। अनूपपुर जिले में स्थित अमरकंटक में रामघाट पर माँ नर्मदा के पुण्य तट पर 51,000 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। माँ नर्मदा उद्गम मंदिर के मुख्य पुजारी के साथ 7 पुरोहित माँ नर्मदा की महाआरती करेंगे। इस अवसर पर जबलपुर के मनीष अग्रवाल भक्ति गायन की प्रस्तुति देंगे। इसी तरह सतना जिले के चित्रकूट स्थित राघव प्रयाग घाट पर 1,11,111 दीप प्रज्ज्वलित किए जाएंगे। चित्रकूट के पावन घाट पर 15 पंडितों द्वारा माँ मंदाकिनी की महाआरती की जाएगी। इस अवसर पर सागर के विभोर इंडियन फ्यूजन बैंड द्वारा श्रीरामचंद्र केंद्रित भजनों की प्रस्तुति दी जाएगी।








