काबुल(ए)। अफगानिस्तान में एक बार फिर भूकंप के झटके महसूस किए गए। शुक्रवार, तडक़े काबुल और आसपास के क्षेत्रों में 3.7 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया। राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (एनसीएस) के अनुसार, यह भूकंप भारतीय समयानुसार सुबह 6:09 बजे आया, जिसका केंद्र जमीन से 80 किलोमीटर की गहराई पर था। झटके हल्के होने के कारण फिलहाल किसी नुकसान या जनहानि की खबर नहीं मिली है।
पिछले कुछ हफ्तों में अफगानिस्तान में यह चौथा भूकंप है। इससे पहले मंगलवार को 4.3 तीव्रता का भूकंप आया था। इसके अलावा, 17 अक्टूबर को उत्तरी अफगानिस्तान में 5.5 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया था। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण के मुताबिक, वह भूकंप खांडूद से 47 किलोमीटर उत्तर-उत्तर-पश्चिम में, 43 किलोमीटर की गहराई पर था। बार-बार भूकंप आने से इस क्षेत्र की भूगर्भीय अस्थिरता उजागर होती है।
भूकंप की गहराई का खतरे से गहरा संबंध है। विशेषज्ञों का कहना है कि उथले भूकंप, जो सतह के करीब आते हैं, गहरे भूकंपों की तुलना में अधिक खतरनाक होते हैं। इनकी तरंगें तेजी से सतह तक पहुंचती हैं, जिससे इमारतों को नुकसान और जनहानि का जोखिम बढ़ जाता है। हालांकि, इस बार का भूकंप 80 किलोमीटर की गहराई पर था, जिसके कारण इसका प्रभाव सीमित रहा।








