खरीफ की उपज में आएगी तेजी
नर्मदापुरम। खरीदी के मुहूर्त पूजन के अवसर पर अवकाश के चलते अब कृषि उपज मंडी में खरीदी के मुहुर्त पूजन का आयोजन आज 24 नवंबर को दोपहर 12 बजे होगा। दूज के अवसर पर मंडी में तौल कांटों की पूजन अर्चन की जाएगी। मंडी सचिव रामनाथ इवने ने बताया कि मंडी में मुहुर्त पूजन के अवसर पर शहर के गल्ला व्यापारी पूजन कार्य में शामिल होंगे। इसी के साथ अब जिन किसानों की उपज निकल आई है। वे अपना अनाज बेचने के लिए मंडी व अन्य खरीदी केंद्रो पर लेकर पहुंचेंगे। कई किसानों की धान की फसल कटने के बाद उपज निकल आई है। अब मंडी में फिर से रौनक लौट आएगी। धान की कटाई में देरी के कारण इस वर्ष धान की आवक कम ही हो रही है। मुख्यालय की मंडी सहित अन्य मंडियों में धान सहित अन्य खरीफ की फसलों की उपज की आवक बढ़ेगी।
व्यापारियों ने बताया कि कृषि उपज मंडी में दूज पूजा के साथ मुहूर्त की खरीदी होगी। दीपावली अवकाश के चलते पिछले सप्ताह भर से मंडी में खरीदी बंद रही। मंडी के व्यापारियों ने बताया कि मंडी में पूजा के साथ खरीदी शुरू की जाएगी। इसके साथ ही मुहूर्त के सौदे मंडी में होंगे। ग्रेन मर्चेंट एसोसिएशन के अजय खन्ना, राम नवलानी बताया कि मंडी में व्यापार के मुहूर्त पूजन में सभी अनाज व्यापारी शामिल होंगे। नर्मदांचल विपणन संघ के जितेंद्र सिंह ने कहा कि उनके प्रतिष्ठान में दूज पूजन हो चुकी है। अब मुहुर्त पूजन के साथ ही खरीदी शुरू की जाएगी।






