-अर्थ की देवी महालक्ष्मी की होगी पूजा, सजे हुए घर और प्रतिष्ठान
नर्मदापुरम (निप्र)। रोशनी का पर्व दीपोत्सव आज धूमधाम के साथ मनाया जाएगा। त्योहार पर करोड़ों का कारोबार हो रहा है। दीप पर्व को हर घर में हर्षोल्लास के साथ मनाया जा रहा है। दो दिन से घर-घर में उत्सवी माहौल है। अर्थ की देवी लक्ष्मी की मूर्ति को अपने घर लेकर जा रहे हैं। बीते कुछ दिनों से सभी घरों में साफ सफाई पुताई कर घर का कोना कोना साफ करके दीपावली मनाने की तैयारी कर ली है। रंगारंग छटा से घर और अंगना सज चुके हैं। धनतेरस से घरों को सजाने के साथ रोशनी से जगमगा दिया गया है। धन कीे देवी लक्ष्मी की पूजन अर्चन के साथ आतिशबाजी की जा रही है। हर घर में दीपावली की तैयारी अंतिम चरण में है। बाजार में सभी दुकानें सजी हुई हैं। धनतेरस की तरह आज भी बाजार गुलजार रहेगा। एक बार फिर बाजारों में करोड़ों का कारोबार होगा। बाजार में हर तरफ रौनक छाई हुई है। पटाखा बाजार में भी जमकर ग्राहकी हो रही है। वाहनों की दुकानों में भी पूरी सजावट के साथ नए वाहनों की बेरायटी बढ़ाकर बुलवाई गई है। फर्नीचर सहित अन्य घर के सजावटी सामान की खूब बिक्री हो रही है।
-रोशनी से जगमगाए घर और प्रतिष्ठान
इस वर्ष लगतार बारिश के कारण घरों की साफ सफाई का ज्यदा समय नहीं मिल पाया है। सफाई के बाद हर घर में रोशनी के लिए ऊपर से लेकर नीचे तक सीरीज और एक से बढक़र एक रोशनी के आयटम से धरों को रोशनीयुक्त किया गया है। हर घर आंगन में धनतेरस से ही दीप जगमगा रहे हैं। प्राय: सभी घर सीरीज की लडिय़ों से रोशन हो रहे हेैं।
-हर आंगन में सज रही रंगोली-
दीपावली के अवसर पर घरों की रंगाई पुताई के बाद फूल फुलवार से लेकर घर के आंगन तक रंगोली सजाई जा रही है। हर तरफ रंग ही रंग नजर आ रहा है। कई लोगों ने अपने घरों के सामने गोबर से लिपाई पुताई की है। वहीं रंग से बेलबूटे बनाकर आंगन को भी सजाया गया है। पर्व को लेकर सभी लोगों में उत्साह उमंग और उल्लास बना हुआ है।
-जमकर हो रही रंगारंग आतिशबाजी-
लोग अपने घरों के सामने रंगारंग आतिशबाजी करने लगे हैं। दूसरे दिन पटाका बाजार में खूब बिक्री हुई। दीपावली के अवसर पर आज शाम के समय पटाकों की रोशनी से भी घर आंगन और आसमान तक जगमगाएंगे। पटाके चलाने के लिए बच्चे उतावले हो रहे हैं। पटाका विक्रेता प्रमोद वर्मा ने बताया कि धनतेरस से पटाकों की बिक्री तेज हो गई है।
खूब हो रही मिठाई की बिक्री
बाजार में प्रत्येेक मिठाई की दुकानों में भी कई तरह की मिठाई बनाकर टेंट लगाकर बाहर तक दुकानों में मिठाई रखी गई हैं।
रंगारंग मिठाई लोगों को आकर्षित कर रही हैं। मिठाई विक्रेता आनंद अग्रवाल ने बताया कि त्योहार पर मिठाई की विशेष मांग रहती है। हर घर में मिठाई का भोग लगाया जाता है। इसी के साथ अनेक लोग घर में भी मिठाई बनाते हैं।






