लोक निर्माण मंत्री ने जारी की 7.39 करोड़ की प्रशासनिक स्वीकृति
बनखेड़ी। मध्य प्रदेश के लोक निर्माण विभाग मंत्री राकेश सिंह ने बनखेड़ी क्षेत्र में दो महत्वपूर्ण सड़कों के निर्माण के लिए प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की है। मंत्री श्री सिंह ने विधायक ठाकुर दास नागवंशी को पत्र के माध्यम से सूचित किया है कि वित्तीय वर्ष 2025-26 के अंतर्गत कुल 7.39 करोड़ रुपये की लागत के दो निर्माण कार्यों की स्वीकृति प्रदान की गई है। बाचावानी से अंधियार बावड़ी मार्ग जिसकी लंबाई 2.50 किमी जो कि 3.18 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह मार्ग बाचावानी को अंधियार बावड़ी से जोड़ेगा, जिससे स्थानीय निवासियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। इसी प्रकार नयागाँव से हनोतिया मार्ग जिसकी लंबाई: 4.20 किमी है जो कि 4.21 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा। यह मार्ग नयागाँव को हनोतिया से जोड़ेगा, इन मार्गों की स्वीकृति से पिपरिया विधानसभा क्षेत्र के कई गांवों को लाभ मिलेगा। गौरतलब है कि बारिश के चार महीने नयागांव तथा आसपास के गांव बनखेड़ी मुख्यालय से कट जाते हैं, यहां पहुंचने के लिए कोई पक्का रोड न होने के कारण पिपरिया होते हुए जाना पड़ता है। नयागांव की दूरी बनखेड़ी से मात्र 15 किमी है लेकिन पिपरिया होकर जाने से लगभग 35 किमी का अतिरिक्त चक्कर लगाना पड़ता है। विधायक ठाकुर दास नागवंशी ने इस प्रशासनिक स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, मंत्री राकेश सिंह का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों के बनने से क्षेत्रवासियों को सुविधा मिलेगी और विकास को गति मिलेगी। क्षेत्रवासियों ने इन मार्गों की स्वीकृति कराने हेतु विधायक ठाकुरदास नागवंशी सहित सभी जनप्रतिनिधियों का आभार व्यक्त किया है।






