नर्मदापुरम। नगर पालिका के द्वारा न्यायालय नजूल अधिकारी को एक आवेदन दिया गया है कि मीनाक्षी क्षेेत्र जिस चौक का नाम नपा के द्वारा पूर्व में भवानी दादा के नाम से भवानी चौक नाम दिया गया है। इस चौक अर्थात मीनाक्षी क्षेत्र की जल संसाधन विभाग की 93638 वर्गफुट भूमि में से 2421 वर्गफुट जमीन पर पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. माधव राव सिंधिया की मूर्ति लगाना प्रस्तावित किया है।नजूल अधिकारी ने दावा अापत्ति हेतु 10 अक्टूबर तक का समय दिया था। इस प्रस्ताव परआपत्ति की गई है। जिसमें नजूल अधिकारी द्वारा जल संसाधन विभाग की भूमि ख.न.12/4 में से 2421 वर्गफुट भूमि चाही गई है। इस्तहार में यह स्पष्ट नहीं है किस शीट नं पर एवं किस स्थान पर मूर्ति स्थापित की जाना है। चारों दिशाओं का उल्लेख नहीं है। जिससे स्पष्ट हो सके कि मूर्ति कहां स्थापित की जाना है। जिस चौक पर यह मूर्ति प्रस्तावित की जा रही है वह काफी व्यस्तम चौक है। शहर के मध्य होने से चारों दिशाएं व्यस्तम हैं। इस चौक पर कुछ समय पूर्व ही व्यस्तम स्थिति को ध्यान में रखते हुए मंदिर को स्थानांतरित किया गया है। यदिचौक पर या उसके आसपास मूर्ति स्थापित की जाती है तो आवागमन में वाधा होगी। एक तर्क यह भी सामने आया है कि उच्च न्यायालय ने याचिका क्र डब्लू पी 24323/2019 में पारित आदेश दिनांक 3 मार्च 2022 में उल्लेख किया है कि सार्वजनिक स्थानों पर जो लोक उपयोग के लिए हो वहां पर मूर्ति स्थापित नहीं की जानी चाहिए।






