मॉस्को , (आरएनएस) । यूक्रेन से जारी जंग के बीच पहली बार रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने कब्जे को लेकर आधिकारिक रिपोर्ट जारी की है। पुतिन ने पत्रकारों से बातचीत में कहा कि रूस ने इस साल अब तक करीब 5,000 वर्ग किलोमीटर जमीन पर नियंत्रण हासिल किया है, जो यूक्रेन के कुल क्षेत्रफल का लगभग एक प्रतिशत है। पुतिन के मुताबिक रूस अपने सैन्य मिशन में लगातार प्रगति कर रहा है।
एक मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, रूस ने 2022 में युद्ध शुरू होने के बाद से अब तक यूक्रेन के करीब 20 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा जमा लिया है। यूक्रेन का कुल क्षेत्रफल 6,03,628 वर्ग किलोमीटर है, यानी रूस वर्तमान में लगभग 1,20,000 वर्ग किलोमीटर क्षेत्र को नियंत्रित कर रहा है। रूस ने युद्ध के दौरान यूक्रेन के डोनबास, डोनेस्क और सुमी जैसे रणनीतिक रूप से अहम इलाकों पर कब्जा किया है। इन क्षेत्रों पर नियंत्रण के कारण यूक्रेन का ब्लैक सी से संपर्क लगातार कमजोर होता जा रहा है। रूस की मंशा यूक्रेन को समुद्री मार्ग से पूरी तरह अलग करने की मानी जा रही है।
वहीं, व्हाइट हाउस में यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की द्वारा जारी एक नक्शे के अनुसार, रूस ने लुहांस्क का 99 प्रतिशत, डोनेस्क का 76 प्रतिशत, जपोरिजिया का 73 प्रतिशत और खेरसोन के 73 प्रतिशत हिस्से पर कब्जा कर लिया है। गौरतलब है कि रूस ने 2014 में ही क्रीमिया पर नियंत्रण कर लिया था, जो अब भी रूसी कब्जे में है।
यूक्रेन के रक्षा मंत्रालय का दावा है कि युद्ध में अब तक रूस के 11 लाख 17 हजार सैनिक मारे जा चुके हैं। बीते 24 घंटों में ही रूस के 1,020 सैनिक या तो मारे गए या घायल हुए हैं। इसके अलावा 427 रूसी विमान, एक पनडुब्बी और 28 नौसैनिक बोट नष्ट की जा चुकी हैं। यूक्रेन का कहना है कि अब तक रूस के 11,238 टैंक और 33,493 आर्टिलरी सिस्टम भी नष्ट किए जा चुके हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, इस जंग में उत्तर कोरिया खुले तौर पर रूस की मदद कर रहा है।








