अयोध्या (आरएनएस)। स्पाइसजेट ने आज चार भारतीय शहरो से अयोध्या के लिए दैनिक नॉन-स्टॉप फ्लाइट्स की घोषणा की है। यह दैनिक नॉन-स्टॉप उड़ानें 8 अक्टूबर 2025 से शुरू होंगी और दिवाली के विशेष मौके पर अयोध्या की पवित्र नगरी को दिल्ली, बेंगलुरु, अहमदाबाद और हैदराबाद से जोड़ेगी। ये नई उड़ानें चरणों में शुरू होंगी जिससे श्रद्धालुओं और पर्यटकों को अयोध्या तक सुगम यात्रा की सुविधा मिलेगी और वे दिवाली के शुभ अवसर पर श्री राम मंदिर के दर्शन का लाभ उठा सकेंगे। मुंबई से भी उड़ानें प्रारंभ करने पर विचार किया जा रहा है ताकि आगामी त्योहारों और सर्दियों के मौसम में कनेक्टिविटी को और बेहतर बनाया जा सके। इन नई सेवाओं के साथ, स्पाइसजेट अपने घरेलू नेटवर्क को और मजबूत कर रहा है तथा त्योहारों के अवसर पर यात्रियों को सुविधाजनक, सुलभ और किफायती यात्रा के अपने वादे को पूरा करने का प्रयास कर रहा है। स्पाइसजेट के चीफ बिजऩेस ऑफिसर, देबोजो महार्शी ने कहा, भगवान श्री राम की जन्मभूमि अयोध्या की यात्रा के लिए दिवाली से बेहतर कोई अवसर नहीं हो सकता। हमें खुशी है कि हमने श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए अयोध्या की यात्रा को आसान और अधिक सुगम बनाने का प्रयास किया है। भारत के शहरो से हमारी नई दैनिक उड़ानें यात्रियों को दिवाली के दौरान अयोध्या तक सहज और किफायती यात्रा की सुविधा प्रदान करेंगी, जिससे वे इस पावन पर्व को अयोध्या के दिव्य वातावरण में मना सकेंगे।








