लंदन ,(आरएनएस)। ब्रिटेन की राजधानी लंदन के टैविस्टॉक स्क्वायर पर स्थापित राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की प्रतिमा के साथ तोडफ़ोड़ की गई है। 2 अक्टूबर को गांधी जयंती और अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस समारोह से कुछ दिन पहले हुई इस घटना की भारतीय उच्चायोग ने कड़ी निंदा की है। अज्ञात शरारती तत्वों ने न केवल प्रतिमा को नुकसान पहुंचाया, बल्कि उसके चबूतरे पर आपत्तिजनक शब्द भी लिख दिए।
लंदन स्थित भारतीय उच्चायोग ने इस घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए इसे महात्मा गांधी की विरासत और अहिंसा के विचार पर एक हिंसक हमला बताया है। उच्चायोग ने सोशल मीडिया पर जारी एक बयान में कहा, हम टैविस्टॉक स्क्वायर पर महात्मा गांधी की प्रतिमा को तोड़े जाने की कड़ी निंदा करते हैं। यह सिर्फ तोडफ़ोड़ नहीं, बल्कि अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस से ठीक पहले अहिंसा के विचार पर हमला है। हमने तत्काल कार्रवाई के लिए स्थानीय अधिकारियों के समक्ष इस मुद्दे को गंभीरता से उठाया है।
घटना की सूचना मिलते ही भारतीय मिशन के अधिकारी मौके पर पहुंच गए और प्रतिमा को ठीक कराने के लिए स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर काम शुरू कर दिया है। मेट्रोपॉलिटन पुलिस और स्थानीय कैमडेन काउंसिल ने मामले की जांच शुरू कर दी है और दोषियों की तलाश की जा रही है।








