2020 की कसर इस बार पूरी करनी है, घुसपैठियों को बिहार से करेंगे बाहर : अमित शाह

Join Us

पटना (ए.)। अमित शाह ने बिहार में 2020 की कसर पूरी करने का आह्वान करते हुए, एनडीए को दो-तिहाई बहुमत दिलाने पर बिहार से घुसपैठियों को बाहर निकालने और कोसी क्षेत्र को बाढ़ मुक्त करने का वादा किया। उन्होंने लालू-कांग्रेस पर भ्रष्टाचार और घुसपैठियों को संरक्षण देने का आरोप लगाते हुए, भाजपा के लिए इसे बिहार के विकास और जंगलराज की वापसी रोकने का चुनाव बताया। शाह ने राहुल गांधी के घुसपैठियों के मताधिकार वाले बयान पर कड़ा पलटवार करते हुए भाजपा का संकल्प दोहराया कि वह एक-एक घुसपैठिए को बिहार से बाहर करेगी और स्वदेशी अपनाने की अपील की। बिहार चुनाव को लेकर भाजपा अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। इसी बीच गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार के अररिया में सहरसा, पूर्णिया और भागलपुर मंडल कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि मैं आप सभी को हार्दिक साधुवाद देता हूं, क्योंकि 2020 के विधानसभा चुनाव में किशनगंज को छोडक़र हर जिले में हमारा गठबंधन नंबर एक पर रहा। नौगछिया, भागलपुर और बांका में हम नंबर एक पर रहे। अररिया, पूर्णिया और कटिहार में भी हम नंबर एक पर रहे। सुपौल, सहरसा और मधेपुरा में भी हम नंबर एक पर रहे। शाह ने कहा कि अगर आप एक बार हृष्ठ्र को दो-तिहाई बहुमत से जीत दिला दें, तो मैं आपको वादा करता हूँ कि बिहार की धरती से घुसपैठियों को बाहर निकालने का काम हम करेंगे। हमारे लिए यह चुनाव कोसी क्षेत्र को हमेशा के लिए बाढ़ मुक्त करने का चुनाव है। उन्होंने कहा कि हम सबको यह तय करना है कि इस बार दीपावली में जो कुछ भी खरीदा जाएगा, वह पूरी तरह स्वदेशी होगा। भारतवासियों को यह संकल्प लेना है कि हम स्वदेशी अपनाएंगे। अमित शाह ने कहा कि लालू एंड कंपनी ने बिहार को लूटा, ढेर सारे घोटाले किए, और कांग्रेस ने भी देश को लूटा। पिछले 11 सालों से देश में नरेंद्र मोदी जी की सरकार है, और हमारे विरोधी हम पर एक पैसे का भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा पाए हैं। उन्होंने कहा कि अभी राहुल बाबा बिहार आए थे और यहां उन्होंने यात्रा भी निकाली। राहुल बाबा चाहते हैं कि घुसपैठियों को मताधिकार मिले। उन्होंने कहा कि राहुल बाबा कान खोलकर सुन लो, बिहार क्या… कहीं भी यात्रा निकाल लो, भाजपा का संकल्प है कि हम एक-एक घुसपैठिए को बाहर करेंगे।

Previous articleआज का राशिफल
Next articleभारत के लिए नए रास्ते की तलाश? 4 देशों की यात्रा पर निकले राहुल गांधी; व्यापार और रणनीति पर रहेगा फोकस