एमपी हॉकी अकादमी के छह खिलाडिय़ों ने दिलाया स्वर्ण
भोपाल (ए.)। जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित पुरुष -18 एशिया कप 2026 में भारतीय हॉकी टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। पूरे टूर्नामेंट में दमदार खेल का प्रदर्शन करने वाली भारतीय टीम ने फाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर एशिया का खिताब हासिल किया और देश का गौरव बढ़ाया।भारतीय टीम की इस ऐतिहासिक सफलता में पुरुष हॉकी अकादमी के छह खिलाडिय़ों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। भारतीय टीम का हिस्सा रहे खिलाडिय़ों में आयुष रजक (गोलकीपर), अंश बहुत्रा, करण गौतम, अवि माणिकपुरी, सिद्धार्थ बेन एवं गाज़ी खान शामिल हैं। इन खिलाडिय़ों ने पूरे टूर्नामेंट में उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए भारत को स्वर्ण पदक दिलाने में अहम योगदान दिया।
सेमीफाइनल में पाकिस्तान को हराकर फाइनल में बनाई जगह
भारतीय टीम ने स्वर्ण पदक की राह में अपने चिर-प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को सेमीफाइनल में पराजित कर फाइनल में प्रवेश किया। इस शानदार जीत ने खिलाडिय़ों का मनोबल बढ़ाया और टीम ने उसी आत्मविश्वास के साथ फाइनल मुकाबले में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए खिताब अपने नाम किया।
एशिया की सर्वश्रेष्ठ टीमों के बीच भारत का दबदबा
29 मई से 6 जून 2026 तक जापान के काकामिगाहारा शहर में आयोजित इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता में एशिया की शीर्ष अंडर-18 हॉकी टीमों ने भाग लिया। भारतीय टीम ने पूरे टूर्नामेंट में अनुशासित, तेज और आक्रामक खेल का प्रदर्शन करते हुए प्रतिद्वंद्वी टीमों पर अपना दबदबा बनाए रखा। फाइनल में शानदार प्रदर्शन के साथ स्वर्ण पदक जीतकर भारत ने एशियाई हॉकी में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई।
मध्यप्रदेश के लिए गौरव का क्षण
पुरुष हॉकी अकादमी के छह खिलाडिय़ों का भारतीय टीम में चयन और स्वर्ण पदक विजेता दल का हिस्सा बनना मध्यप्रदेश के लिए गर्व का विषय है। यह उपलब्धि प्रदेश की खेल अकादमियों में दिए जा रहे उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और खिलाडिय़ों की कड़ी मेहनत का परिणाम है। इन खिलाडिय़ों की सफलता ने एक बार फिर सिद्ध किया है कि मध्यप्रदेश राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी तैयार करने में अग्रणी राज्यों में शामिल है।








