बहुत शीघ्र ही मुख्यमंत्री की भावनाओं के अनुरूप उमरिया हाईटेक गौशाला का कराया जायेगा निर्माण – निगमायुक्त राम प्रकाश अहिरवार
निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने तकनीकि अधिकारियों के साथ उमरिया गौशाला परिसर का किया निरीक्षण, निर्माण की प्रक्रिया को गति प्रदान करने दिये आवश्यक निर्देश
जबलपुर। नगर निगम द्वारा मुख्यमंत्री डॉं. मोहन यादव जी की भावना के अनुरूप महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के मार्गदर्शन में उमरिया स्थित हाईटेक गौशाला का निर्माण कराया जा रहा है। जिसका निरीक्षण आज निगमायुक्त रामप्रकाश अहिरवार ने अधिकारियों के साथ किया। इस अवसर पर निगमायुक्त श्री अहिरवार ने गौशाला निर्माण से संबंधित तकनीकि पहलुओं को अधिकारियों से समझा और नक्शे का अवलोकन भी किया। निरीक्षण के मौके पर निगमायुक्त ने अधिकारियों को बताया कि शहर की यातायात व्यवस्था और स्वच्छता अभियान को उत्तम बनाने की दिशा में गौशाला का निर्माण अतिआवश्यक है।
निगमायुक्त श्री अहिरवार ने निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से चर्चा कर निर्देशित किया कि मुख्यमंत्री डॉं. मोहन यादव जी की भावना और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू जी के मार्गदर्शन में गौशाला के निर्माण कार्यो की प्रक्रियाओं में गति लाएॅं और निर्धारित समय सीमा के अंदर उच्च गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य को पूर्ण कराया जाये। इस अवसर पर अधिकारियों ने निगमायुक्त को बताया कि गौशाला परिसर में सुन्दर स्वच्छ तालाब, जिसमें वोटिंग की सुविधा, प्लांटेशन, कैफेटेरिया, और आकर्षक विद्युत साजसज्जा की जायेगी। इन सब कार्यो के लिए निविदा प्रक्रिया अंतिम चरण में है। जिसपर निगमायुक्त अहिरवार ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सारी प्रक्रियाओं को पूर्ण करते हुए कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाये। इस अवसर पर अपर आयुक्त व्ही.एन. बाजपेयी, अधीक्षण यंत्री कमलेश श्रीवास्तव, सहायक यंत्री अनिकेत गोरैया, उपयंत्री अनिल विश्वकर्मा आदि उपस्थित रहे।








