आवागमन में समय की बचत से पढ़ाई पर दे पाएंगी और अधिक ध्यान
नर्मदापुरम/ प्रदेश सरकार द्वारा मेधावी छात्राओं के लिए चलाई जा रही स्कूटी योजना छात्र जीवन में अत्यंत उपयोगी सिद्ध हो रही है। इस योजना के माध्यम से छात्राओं को आवागमन की सुविधा तो प्राप्त हो ही रही है, साथ ही उनकी पढ़ाई के लिए बहुमूल्य समय की भी बचत हो रही है। विद्यार्थी बचे हुए समय को पढ़ाई एवं सहपाठ्यक्रम गतिविधियों में लगा रहे हैं, जिससे उनका शैक्षणिक और सर्वांगीण विकास में निरंतर प्रगति हो रही है।
इसी कड़ी में नर्मदापुरम निवासी छात्रा वंशिका सेन को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम से 12वीं कक्षा में उच्च अंक प्राप्त करने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से स्कूटी हेतु राशि प्राप्त हुई। राशि मिलने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए वंशिका सेन ने प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का आभार जताया। उन्होंने कहा कि इस योजना से आगे की पढ़ाई के लिए आवागमन में अत्यधिक सुविधा मिलेगी और समय की बचत होने से वे पढ़ाई एवं अन्य गतिविधियों में और अधिक ध्यान दे पाएंगी।






