आरटीओ एवं यातायात पुलिस विभाग द्वारा 224 नि:शुल्क हेलमेट भी किए गए वितरित
नर्मदापुरम/कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना के निर्देशानुसार जिले में 6 अगस्त 2025 से सड़क सुरक्षा अभियान संचालित किया जा रहा है। इस अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वाले एवं अन्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने हेतु समझाइश दी जा रही है एवं नियमों का उल्लंघन करने वालो के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जा रही है। जिले भर में अब तक कुल 2335 चालान बनाए गए हैं, जिनसे 7 लाख रुपए से अधिक का जुर्माना वसूला गया है। अभियान के दौरान आम नागरिकों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक करने के लिए आरटीओ एवं यातायात पुलिस विभाग द्वारा कुल 224 नि:शुल्क हेलमेट वितरित किए गए, जिसमें आरटीओ द्वारा 118 एवं यातायात पुलिस द्वारा 106 हेलमेट प्रदान किए गए। अभियान का सकारात्मक असर भी देखने को मिल रहा है, सड़कों पर दोपहिया वाहन चालकों द्वारा हेलमेट उपयोग की संख्या बढ़ी है। उल्लेखनीय है कि अभियान शुरू होने के बाद से अब तक जिले में 1857 हेलमेट का विक्रय विभिन्न माध्यमों से हुआ है, जिसमें 785 पेट्रोल पंपों से, 775 डीलर शोरूम से, 204 पुलिस एवं CRPF कैंटीन से तथा 93 अन्य दुकानों से बेचे गए। इसके अतिरिक्त 22 सितम्बर तक प्रदेशव्यापी विशेष सड़क सुरक्षा अभियान भी संचालित किया जा रहा है। इसके अंतर्गत नागरिकों को यातायात नियमों के पालन हेतु प्रेरित करने और उल्लंघन पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। अभियान अवधि में तेज गति से वाहन चलाना, बिना हेलमेट या सीट बेल्ट के वाहन चलाना, नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन, ड्रिंक एंड ड्राइव, ओवरलोडिंग, बिना लाइसेंस, बिना फिटनेस एवं परमिट के वाहन संचालन जैसी गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है। अभियान के दौरान स्कूलों के पास चैकिंग कर ऑटो से अतिरिक्त सीट हटवाई गई एवं क्षमता अनुसार ही सवारी व स्कूली बच्चों को बिठाने के निर्देश दिए गए। साथ ही, विभिन्न नवाचारों के माध्यम से नागरिकों को यातायात नियमों का पालन करने का संदेश भी दिया गया।






