रेप के आरोप में वकील गिरफ्तार

Join Us

भोपाल।(आरएनएस)। अशोका गार्डन पुलिस ने रेप के आरोप में वकील यावर खान को गिरफ्तार किया है। शनिवार रात उसे हिरासत में लिया गया था। थाना प्रभारी अनुराग लाल ने बताया कि आरोपी यावर को मेडिकल के लिए भेजा गया और देर शाम तक उसे कोर्ट ने जेल भेज दिया है। अब ऐशबाग पुलिस उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी। बीते 24 अगस्त को पॉक्सो कोर्ट में रेप और देह व्यापार के मामले में गवाही के दौरान पीड़िता ने भोपाल कोर्ट के अधिवक्ता यावर खान का नाम दुष्कर्म के आरोपियों के साथ लिया था। पीड़िता के कथन के आधार पर 11 सितंबर को कोर्ट ने केस में उचित कार्रवाई को लेकर अशोका गार्डन पुलिस को लेटर लिखा था। इसी लेटर के साथ पीड़िता के बयानों की कॉपी भी संलग्न की थी। लेटर पर संज्ञान लेते हुए अशोका गार्डन पुलिस ने शनिवार की देर रात वकील यावर खान को हिरासत में लिया। पीड़िता ने बयान में कहा था कि आरोपियों के वकील यावर खान ने भी ऑफिस और बिट्टन मार्केट स्थित मकान में बुलाकर उसके साथ कई बार ज्यादती की। पीड़िता ने अपने बयान में बताया कि वह यह बात कोर्ट में पहली बार इसलिए बता रही है कि इससे पहले उसे वकील का नाम याद नहीं था। कोर्ट में बयान के दौरान किसी अन्य वकील ने जब आरोपी के वकील का नाम लिया, तब उसे यावर खान का नाम याद आया। कोर्ट ने पीड़िता के बयान दर्ज कर लिए हैं। मामला 9 दिसंबर 2023 का है। शहर के कुख्यात अपराधी और नशे की तस्करी करने वाले रईस रेडियो, उसके बेटे यासीन उर्फ मजिस्ट्रेट और मुन्ना उर्फ मजिस्ट्रेट के केसों में भी यावर की ओर से पैरवी की जाती थी। इन सभी अपराधियों पर भोपाल के अलग-अलग थानों में 100 से अधिक केस दर्ज हैं। जिसमें रईस के खिलाफ 70 केस बेटे यासीन पर 27 केस और मुन्ना पर 15 केस दर्ज हैं। रईस की पत्नी सीमा रेडियो भी टीला जमालपुरा की निगरानी गुंडा सूची में शामिल रही हैं। यह मामला आशुतोष वाजपेयी और अन्य के खिलाफ चल रहा है। नाबालिग घर से लापता हो गई थी, उस मामले में बच्ची के बरामदगी के बाद इस वर्ष की शुरुआत में अशोका गार्डन थाना क्षेत्र में एक पीड़िता के अपहरण और बलात्कार को लेकर एफआईआर दर्ज की गई थी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को पता चला कि यह केवल एक साधारण रेप का मामला नहीं, बल्कि एक संगठित अपराध रैकेट से जुड़ा हुआ है। जांच में अब तक 26 आरोपियों की संलिप्तता उजागर हो चुकी है, जिनमें से 18 को गिरफ्तार किया जा चुका है। इस रैकेट में मानव तस्करी, देह व्यापार की भी कड़िया मिली हैं। यावर खान पर पूर्व में भी एक नाबालिग पीड़िता ने रेप की एफआईआर दर्ज कराई थी। यह केस 14 मई 2013 का था। इस मामले में यावर और साथी हाई कोर्ट से स्टे ले आए थे। केस फिलहाल भोपाल कोर्ट में लंबित है।

Previous articleएसबीआई सेविंग्स अकाउंट में 50,000 रुपए बैलेंस तो मिलेगा अच्छा रिटर्न
Next articleशेख जमीयत उल अब्बास कमेटी का प्रतिभा सम्मान समारोह