पीएम मोदी की मां का एआई वीडियो बनाने पर दिल्ली पुलिस का एक्शन

Join Us

 कांग्रेस आईटी सेल के खिलाफ केस दर्ज
नई दिल्ली (ए) । प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उनकी दिवंगत मां हीराबेन मोदी की छवि बिगाडऩे वाले एक डीपफेक वीडियो को लेकर दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। भाजपा की शिकायत पर कांग्रेस और कांग्रेस आईटी सेल के खिलाफ नॉर्थ एवेन्यू थाने में एफआईआर दर्ज की गई है। यह शिकायत भाजपा दिल्ली चुनाव प्रकोष्ठ के संयोजक संकित गुप्ता ने दी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि 10 सितंबर 2025 को शाम कांग्रेस के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल आईएनसी बिहार से प्लेटफॉर्म एक्स पर एक एआई जनरेटेड फर्जी वीडियो जारी किया गया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो में प्रधानमंत्री मोदी और उनकी मां की छवि को अपमानजनक तरीके से दिखाया गया था।भाजपा ने अपनी शिकायत में कहा कि यह वीडियो सिर्फ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रतिष्ठा को ठेस पहुंचाने के लिए ही नहीं, बल्कि एक महिला की गरिमा और मातृत्व का भी घोर अपमान है। भाजपा ने इसे राजनीति की सीमा से बाहर जाकर किसी के व्यक्तिगत जीवन और उसके परिवार पर हमला करार दिया है। शिकायतकर्ता संकित गुप्ता ने यह भी उल्लेख किया कि 27-28 अगस्त को बिहार के दरभंगा में आयोजित कांग्रेस-राजद की वोटर अधिकार यात्रा के दौरान भी प्रधानमंत्री और उनकी मां के खिलाफ अभद्र टिप्पणियां की गई थीं। उनका कहना है कि कांग्रेस की यह हरकत सुनियोजित है और चुनावी माहौल को प्रभावित करने की कोशिश है। दिल्ली पुलिस ने इस मामले को गंभीरता से लेते हुए भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(2), 336(3)(4), 340(2), 352, 356(2) और 61(2) सहित आईटी एक्ट और डिजिटल डेटा प्रोटेक्शन एक्ट की प्रासंगिक धाराओं में एफआईआर दर्ज की है। इस मामले में सभी डिजिटल सबूतों को सुरक्षित करते हुए तकनीकी जांच शुरू कर दी गई है।

Previous articleआयोग ने सुप्रीम कोर्ट में दिया हलफनामा
Next articleडोनाल्ड ट्रंप आखिर पलटी मारी