यज्ञ हवन से होता है विश्व का कल्याण, जीवन में आता है सुधार, वैद मंत्रों से यज्ञ करने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं- कमलेश आर्य
सीहोर। आर्य समाज छावनी शहर सीहोर एवं लोक जनकल्याण परिषद सीहोर के द्वारा वैदिक सिद्धांत वैद मंत्रों द्वारा प्राणी मात्र की सुख समृद्धि एवं पूर्ण जलवृष्टि हेतु दिनांक 14 अगस्त 2025 से यज्ञ हवन किया जा रहा था। ईश्वर की कृपा से जलवृष्टि प्रारंभ हो गई। यज्ञ का समापन दिनांक 5 सितम्बर 2025 को किया गया। समापन अवसर पर कमलेश आर्य ने कहा कि यज्ञ हवन करने से विश्व का कल्याण तो होता ही है, साथ ही जीवन में सुधार आता है। वैद मंत्रों द्वारा यज्ञ करने से मनुष्य के जीवन में सकारात्मक विचार उत्पन्न होते हैं और ऐसा व्यक्ति ऊचाईयों को छूता हुआ आगे की ओर बढ़ता चला जाता है। जैसे हम हवन कुण्ड में अग्नि प्रज्वलित करते हैं और अग्नि ऊपर की ओर उठती है, वैसे ही वैदिक सिद्धांत से जो व्यक्ति यज्ञ करता है और अन्य जनहितेशी कार्य करता है ईश्वर उसे सफल करता है और उस व्यक्ति के विचार भाषाशैली भी उत्कृष्ट होती है। वर्तमान समय में देखने व सुनने में आ रहा है कि हमारे द्वारा विधायिका में चुनकर भेजे गये जनप्रतिनिधि निकिृष्ट भाषा का उपयोग कर रहे हैं, जो कि राष्ट्रहित में अच्छा नही है। आर्य ने आगे कहा कि जिस देश की संस्कृति सभ्यता दूषित हो जाती वह राष्ट्र स्वत: ही नष्ट होकर गर्त में समा जाता है।








