भाजपा की वोट चोरी और चुनाव आयोग की मिलीभगत के खिलाफ NSUI का कलेक्टर कार्यालय घेराव
जबलपुर/छात्र संघ चुनावों की बहाली और भाजपा द्वारा चुनाव आयोग के माध्यम से की जा रही कथित वोट चोरी के खिलाफ आज जबलपुर में NSUI ने उग्र आंदोलन किया। यह विशाल प्रदर्शन NSUI प्रदेश अध्यक्ष श्री आशुतोष चौकसे के नेतृत्व और प्रदेश सचिव श्री प्रतीक गौतम के संयोजन में आयोजित हुआ। इस कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत ऐतिहासिक टाउनहॉल परिसर से हुई। यहां पर NSUI पदाधिकारियों और छात्र-छात्राओं ने महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और लोकतंत्र बचाने का संकल्प लिया। इसके बाद जुलूस के रूप में छात्र बड़ी संख्या में नारेबाजी करते हुए कलेक्टर कार्यालय की ओर कूच करने लगे। जुलूस में छात्रसंघ चुनाव बहाली, वोट चोरी बंद करो और लोकतंत्र बचाओ जैसे गगनभेदी नारे गूंजते रहे।
घंटाघर में ही पहले ही भारी पुलिस बल तैनात कर बैरिकेडिंग कर प्रदर्शनकारियों रोकने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान पुलिस बल के प्रदर्शनकारियों साथ तीखी झूमाझपटी शुरू हो गई। आधे घंटे से अधिक समय तक चली इस झड़प के दौरान छात्रों ने पीछे हटने से साफ इंकार कर दिया और लगातार नारेबाजी करते रहे।
स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर दिया। अचानक हुए इस लाठीचार्ज में NSUI के दर्जनों छात्र कार्यकर्ता घायल हो गए, वहीं दूसरी ओर, पुलिस ने NSUI प्रदेश अध्यक्ष श्री आशुतोष चौकसे सहित अनेक कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।
NSUI जिलाध्यक्ष सचिन रजक ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार छात्र संघ चुनावों से घबराई हुई है और चुनाव आयोग को दबाव में लेकर लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। वोट चोरी, चुनाव स्थगन और छात्रों के मताधिकार से खिलवाड़ भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से किया गया षड्यंत्र है। NSUI ने कहा कि यह न केवल छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है बल्कि लोकतंत्र की आत्मा को आहत करने वाला कदम भी है।
वही”भाजपा सरकार छात्रों की आवाज दबाना चाहती है। चुनाव आयोग भाजपा के इशारे पर काम कर रहा है और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को ध्वस्त किया जा रहा है। हम यह अन्याय सहन नहीं करेंगे। NSUI हर स्तर पर संघर्ष करेगी और जब तक छात्र संघ चुनाव बहाल नहीं होते, तब तक हमारा आंदोलन और अधिक प्रखर होता जाएगा।”
NSUI ने यह भी स्पष्ट किया कि यह आंदोलन केवल जबलपुर तक सीमित नहीं रहेगा। यदि सरकार ने शीघ्र ही छात्र संघ चुनावों की बहाली का निर्णय नहीं लिया, तो यह संघर्ष पूरे मध्यप्रदेश में फैलाया जाएगा। प्रत्येक जिले में छात्र सड़क पर उतरेंगे और लोकतांत्रिक अधिकारों की बहाली के लिए निर्णायक आंदोलन छेड़ा जाएगा।
प्रदर्शन में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे,जिलाध्यक्ष सचिन रजक, प्रतिक गौतम, राष्ट्रीय सचिव करण तामसेतवर, अर्पित मिश्रा, अमित मिश्रा, सागर शुक्ला, सौरभ गौतम, साहिल यादव, अदनान अंसारी, सक्षम यादव, एजाज अंसारी, नीलेश महर, मो अली ,राहुल यादव, राहुल रजक, अनुराग शुक्ला, सैफ मंसूरी, अनुज यादव, अपूर्व केशवानी, पुष्पेन्द्र गौतम, अचलनाथ, वाजिद, शाहनवाज, अमन कुशवाहा, हर्ष लोधी, रितेश सिंह, ध्रुव पासी, राजेश श्रीपाल सहित भारी संख्या मे छात्र उपस्थित थे ।








