रतलाम में गांव डूबा, दमोह में मकान गिरा, पति की मौत, पत्नी घायल; बालाघाट में बिजली गिरने से 3 कॉन्स्टेबल झुलसे
भोपाल (ए.)। मप्र में कहीं तेज, कहीं धीमी बारिश का दौर जारी है। सोमवार को तेज बारिश के चलते दमोह में एक मकान गिर गया। मलबे में दबने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। उसकी पत्नी घायल है, जिसे अस्पताल ले जाया गया। भोपाल में सुबह 5 बजे से बारिश का दौर जारी है। दोपहर में तेज बारिश होने लगी। रतलाम के धोलावाड़ डैम के तीन गेट खोलने पड़े हैं। पलसोड़ा गांव पानी में पूरी तरह डूब गया है। लोग छतों पर चढ़े हैं। उसरगार और अमलेटा गांव के बीच नाले की पुलिया धंसने से ट्रैफिक रुक गया है। उपलई गांव में एक कार पलट गई। ग्रामीणों ने कार सवार लोगों को बाहर निकाला। मौसम विभाग के अनुसार, मप्र में अब तक 37.1 इंच बारिश हो चुकी है। शनिवार-रविवार की रात में हुई बारिश से आंकड़ा बढ़ गया। पिछले मानसूनी सीजन में औसत 44 इंच बारिश हुई थी। प्रदेश की सामान्य बारिश औसत 37 इंच है। इस बार बारिश के मामले में गुना सबसे बेहतर है। यहां 55.4 इंच बारिश हो चुकी है। गुना में 24 इंच पानी ज्यादा गिर चुका है। मंडला में 54 इंच बारिश हो चुकी है। श्योपुर में साढ़े 51 इंच, अशोकनगर में 51.1 इंच और रायसेन में 50.5 इंच पानी गिरा है। मंदसौर में शिवना नदी उफान पर है। बालाघाट में रविवार देर रात आकाशीय बिजली गिरने से तीन कॉन्स्टेबल घायल हो गए। हॉक फोर्स में शामिल देवेंद्र, छत्रपाल और उज्जवल नक्सली सर्चिंग पर निकले थे। उन्हें स्पेशल वाहन से बेहतर उपचार के लिए महाराष्ट्र के गोंदिया भेजा गया है। भोपाल में सुबह तेज बारिश के बाद धूप खिली है। रतलाम के गांव अमलेटा में में रेलवे अंडर ब्रिज के नीचे पानी भर गया, जिससे रतलाम से संपर्क कट गया। ब्रिज के ऊपर से रेलवे पटरियों के सहारे स्कूली बच्चों ओर ग्रामीणों को गुजरना पड़ा।रतलाम में लगातार हो रही बारिश से धोलावाड़ डैम ओवरफ्लो हो गया है। सोमवार को इसके तीन गेट खोलने पड़े हैं। बांध का जलस्तर 395 मीटर पहुंच गया है। सुबह 11 बजे इसका एक गेट खोला गया। लगातार बारिश के चलते 11.45 बजे दो और गेट डेढ़-डेढ़ मीटर खोल दिए गए। रतलाम जिले और आसपास के इलाके में बारिश का दौर जारी है। नदी-नाले उफान पर हैं।








