सांसद नवोदय विद्यालय पवारखेड़ा के प्रथम बैच के रहे हैं छात्र
नर्मदापुरम। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पीएमश्री विद्यालय पवारखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सांसद दर्शन सिंह चौधरी सम्मिलित हुए। सांसद नवोदय विद्यालय पवारखेड़ा के प्रथम बैच के छात्र रहे हैं। उनके मन में हमेशा नवोदय विद्यालय के लिए श्रद्धा के भाव रहते हैं। इस अवसर पर उपस्थित बच्चों से संवाद करते हुए सांसद ने विद्यार्थियों को खेलों के महत्व अनुशासन आत्मबल व पुनः उठ खड़े होने की क्षमता के विकास पर विचार साझा किए। साथ ही नवोदय विद्यालय द्वारा किए जा रहे सर्वांगीण विकास कार्यों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को शिक्षार्थ आइए सेवार्थ जाइए की शिक्षा को जीवन में उतारने का आह्वान किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए पढ़ाई के साथ ही खेल भी जरूरी है। खेल के माध्यम से भी करियर बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के आह्वान से खेल दिवस का महत्व और बढ़ गया है। तीन दिवसीय राष्ट्रीय खेल दिवस गतिविधियों का उद्देश्य देश में खेलों को सकारात्मक सोच और फिटनेस की ओर ले जाना है। प्रधानमंत्री के द्वारा खेलों को बढ़ावा देने व गांव में छुपी हुई प्रतिभा को उचित मंच प्रदान करने के लिए स्कूलों में अध्ययनरत छात्र.छात्राओं के लिए सांसद खेल महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है। सांसद खेल महोत्सव की जानकारी देते हुए खेलों में अधिक से अधिक सहभागिता करने का आह्वान किया। उन्होंने छात्रों से पढ़ाई के साथ ही स्वस्थ तन और मन के लिए खेलों में भी भाग लेने की सलाह दी। मौके पर तैराकी संघ अध्यक्ष पीयूष शर्मा किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष योगेंद्र सिंह राजपूत सहित विद्यालय परिवार से अध्यापक एवं विद्यार्थियों की उपस्थिति रही।






