कलेक्टर बंगले में हरित विश्व अभियान के अंतर्गत पौधारोपण
नर्मदापुरम। द चैम्प्स फन स्कूल द्वारा चलाए जा रहे हरित विश्व अभियान के अंतर्गत गुरूवार को कलेक्टर बंगले पर पौधारोपण किया गया। इस अवसर पर कलेक्टर सोनिया मीना की उपस्थिति में विद्यार्थियों ने औषधीय और नीम के पौधे लगाए। इस अवसर पर कलेक्टर ने प्रेरक उद्बोधन में बच्चों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि धरती को हराभरा बनाए रखने के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाने की आवश्यकता है। पौधारोपण और संरक्षण महत्वपूर्ण है। विद्यालय द्वारा चलाए जा रहे हरित विश्व अभियान की सफलता के लिए शुभकामनाएं देते हुए उन्होंने कहा कि आप जो कार्य कर रहे हैं वह वास्तव में अत्यंत सराहनीय कार्य है। पौधारोपण और पर्यावरण संरक्षण समाज के लिए अनमोल धरोहर है। आप सभी इसे ऐसे ही निरंतर जारी रखें। बच्चों ने विशेष रूप से औषधीय पौधों का रोपण किया जिससे न केवल पर्यावरण को लाभ होगा बल्कि समाज को प्राकृतिक औषधियों का भी उपहार मिलेगा। उन्होंने बताया कि यह अभियान एक पेड़ मां के नाम से भी जुड़ा हुआ है जिससे बच्चों में पर्यावरणीय जिम्मेदारी की भावना और गहरी हो रही है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ आशीष चटर्जी निदेशक श्रीमती जूही चटर्जी समन्वयक श्रीमती रीना मालवीय तथा विद्यालय की संगीत टीम विशेष रूप से उपस्थित रही। आयोजन की प्रभारी श्रीमती शिल्पा गौर एवं सह.प्रभारी सुश्री योगिता अरोरा ने पूरे कार्यक्रम का सफलतापूर्वक आयोजन किया। निदेशक श्रीमती जूही चटर्जी ने बताया कि पौधारोपण को केवल विद्यालय परिसर तक सीमित न रखकर विभिन्न सुरक्षित परिसरों पर संरक्षण के साथ बड़ा करने का प्रयास है। शंखनाद एवं वेद मंत्रोच्चारण द्वारा पौधारोपण करने की यह अनूठी परंपरा बच्चों में अनुशासन आध्यात्मिकता और पर्यावरण के प्रति गहरी संवेदनशीलता विकसित करती है। प्राचार्य डॉ आशीष चटर्जी ने कहा कि विद्यालय हरित और स्वच्छ वातावरण के निर्माण हेतु संकल्पित है। उन्होंने बताया कि बच्चों द्वारा पूर्व में एसपी बंगले के अलावा विभिन्न अन्य स्थानों पर मंत्रोच्चार के साथ पौधारोपण कार्यक्रम किया है। उन्होंने बच्चों को प्रेरित करने हेतु कलेक्टर का आभार माना।






